लखनऊ: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं (Health Services) की सुलभ उपलब्धता के उद्देश्य से शुरू 'मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों' (Chief Minister Arogya Mela) का लोगों को खासा लाभ मिल रहा है। फरवरी, 2020 में शुभारंभ होने के बाद से अब तक आयोजित हो चुके 43 मेलों में 1 करोड़ 1 लाख 19 हजार से ज्यादा लोग इन मेलों का लाभ ले चुके हैं। इनमें से 1.54 लाख गंभीर मरीजों (Serious Patients) को उच्च स्वास्थ्य केन्द्रों पर रेफर किया गया, जबकि 8.81 परिवारों को आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड (Ayushman Bharat Golden Card) भी मिला।
पहले मेले से लेकर बीते 8 मई को 43वें मेले में आमजन की बढ़ती भागीदारी से स्पष्ट है कि जांच-उपचार, गोल्डेन कार्ड वितरण के साथ स्वास्थ्य योजनाओं की सहज उपलब्धता के कारण यह मेला आमजन में निरंतर लोकप्रिय रहा है। पूर्व के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला प्रदेश के सभी ग्रामीण और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित किए गए थे।
इन मेलों में स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न जांचों के साथ उपचार की सुविधाएं दी गई थी। इसके अतिरिक्त गम्भीर मरीजों को सरकारी एम्बुलेंस से उच्चतर चिकित्सा केन्द्रों पर रेफर किया गया। यही नहीं, इन स्वास्थ्य मेलों में कोरोना वायरस से बचाव के समस्त उपाय किए गए थे तथा मेले के माध्यम से जनसामान्य को कोरोना वायरस से बचाव के बारे में अवगत कराते हुए इसके सामान्य लक्षणों के बारे में भी बताया गया।