Inauguration By Amit Shah In Ahmedabad: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज अहमदाबाद 2026 का उद्घाटन किया। ये अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद में आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में 19 देशों के 108 पैरा तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। भूटान, ब्रिटेन, चीन, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया और अमेरिका समेत कई देशों के खिलाड़ी अहमदाबाद पहुंचे हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सभी खिलाड़ियों का भारत में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता की नींव 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना पर टिकी है, यानी पूरी दुनिया एक परिवार है।
शाह ने कहा कि ये प्रतियोगिता खिलाड़ियों और अहमदाबाद, दोनों के लिए यादगार मौका होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में अहमदाबाद, गुजरात और भारत खेल की दुनिया के बड़े केंद्र बनेंगे।
अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद में तैयार की जा रही खेल सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की होंगी। इन सुविधाओं का फायदा भारतीय खिलाड़ियों के साथ दूसरे देशों के खिलाड़ियों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत अलग-अलग खेलों की ट्रेनिंग के साथ खेल सुविधाओं और उपकरणों के निर्माण का भी बड़ा केंद्र बनना चाहता है।
इसके अलावा देश खेल इंजीनियरिंग और खेल चिकित्सा के क्षेत्र में भी दुनिया में आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रहा है। शाह ने कहा कि खेल केंद्र में कोचिंग और प्रशिक्षण की सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित की जाएंगी। ये केंद्र भारत के साथ-साथ दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण का बड़ा केंद्र बन सकता है।
अमित शाह ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी सिर्फ खेल, अभ्यास और कोचिंग से चैंपियन नहीं बनता। उसके अंदर जीतने की इच्छा और मजबूत मानसिकता भी होनी चाहिए।
उन्होंने वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज को तीरंदाजों के एकाग्रता और धैर्य की बड़ी परीक्षा बताया। उनके मुताबिक, ये प्रतियोगिता खेल में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित कर सकती है।
शाह ने कहा कि भारत का खेल को लेकर लक्ष्य सिर्फ ज्यादा से ज्यादा पदक जीतना नहीं होना चाहिए। देश को ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और दूसरी बड़ी प्रतियोगिताओं में शामिल हर खेल को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत और व्यापक खेल व्यवस्था तैयार कर रहा है। वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।