Bangladesh Defeates Indonesia By 71 Run Victory: बांग्लादेश ने महिला एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। सोमवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने इंडोनेशिया को 71 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए। जवाब में इंडोनेशिया की पूरी टीम 17.3 ओवर में सिर्फ 58 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 16 रन के स्कोर पर जुवैरिया फिरदौस का विकेट गंवा दिया। इसके बाद शोभना मोस्तरी ने दिलारा अख्तर के साथ पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 40 रन जोड़े। दिलारा ने 31 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाए। शोभना ने इसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना के साथ 26 रन और शोर्ना अख्तर के साथ 23 रन की साझेदारी की।
17वें ओवर में आउट होने से पहले शोभना ने 42 गेंदों पर 40 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। दूसरे छोर पर शोर्ना अख्तर ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने फहिमा खातून के साथ 20 रन की साझेदारी की और 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी पारी में 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इंडोनेशिया टीम की ओर से नी कादेक अरियानी ने 3 विकेट लिए।
130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडोनेशिया की शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे। टीम ने 19 रन पर पहला विकेट गंवाया और इसके बाद पूरी पारी संभल नहीं सकी।
इंडोनेशिया के लिए मारिया कोराजोन ने सबसे ज्यादा 12 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी। बांग्लादेश की गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया को 17.3 ओवर में सिर्फ 58 रन पर ऑलआउट कर दिया।
बांग्लादेश टीम के लिए नाहिदा अख्तर ने 3 विकेट लिए। मारूफा अख्तर ने 2 विकेट चटकाए, जबकि संजीदा अख्तर और फहिमा खातून को 1-1 सफलता मिली। इस तरह बांग्लादेश ने 71 रन की बड़ी जीत के साथ महिला एशिया कप 2026 में अपना खाता खोला।