खेल

स्कॉटलैंड ने दो बार के टी20 विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को हराया

काजल चोपड़े

होबार्ट: स्कॉटलैंड (Scotland vs West Indies) ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत सोमवार को यहां वर्षा से बाधित टी20 विश्व कप (T20 world cup 2022) के ग्रुप बी मैच में दो बार के चैंपियन वेस्टइंडीज को 42 रन से हराकर उलटफेर किया। वेस्टइंडीज (West Indies) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद स्कॉटलैंड ने सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से की 53 गेंद में नौ चौकों से नाबाद 66 रन की पारी से पांच विकेट पर 160 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

स्कॉटलैंड (Scotland) ने इसके बाद टी20 विश्व कप के इतिहास में दो खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम वेस्टइंडीज को 18.3 ओवर में सिर्फ 118 रन पर समेटकर आसान जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज को सुपर 12 चरण में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए अब बुधवार को जिंबाब्वे को हर हाल में हराना होगा। दूसरी तरफ रिची बेरिंगटन की अगुआई वाली टीम को सुपर 12 चरण में जगह बनाने के लिए अपने यूरोपीय प्रतिद्वंद्वी आयरलैंड को हराना होगा।

बेरिंगटन ने कहा, ‘‘हमें उतने टी20 मैच खेलने को नहीं मिले जितने हम चाहते थे लेकिन हमने 50 ओवरों का काफी क्रिकेट खेला है। यह उस कौशल को छोटे प्रारूप में दिखाने से जुड़ा है।'' अपने स्पिनरों के प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने महत्वपूर्ण क्षणों में हमारे लिए शानदार काम किया। वॉट ने अच्छी शुरुआत की और वह हमेशा महत्वपूर्ण विकेट लेते हैं। लीस्क ने भी लगातार चार ओवर काफी अच्छी तरह डाले।''

हार से निराश विंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने कहा, ‘‘हमें कड़ी मेहनत करनी होगी और दो मैच जीतने होंगे। हमें जवाबदेही और जिम्मेदारी लेनी होगी।" बारिश के कारण 20 मिनट के ब्रेक ने भी स्कॉटलैंड की राह आसान कर दी क्योंकि बेवेरिव ओवल में परिस्थितियां धीमी हो गईं। बाएं हाथ के स्पिनर मार्क वॉट ने गेंदबाजी का आगाज किया और चार ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

आफ स्पिनर मार्क लीस्क ने भी 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए। धीमे हालात के बीच 161 रन का लक्ष्य वेस्टइंडीज के लिए काफी बड़ा साबित हुआ क्योंकि टीम की बल्लेबाजी में काफी गहराई नहीं थी और टीम को बीच के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर की कमी खली। सलामी बल्लेबाज काइल मायर्स ने 13 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के से 20 रन बनाकर वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत दिलाई। मुन्से ने हालांकि तीसरे ओवर में डीप मिडविकेट पर मायर्स का शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।

दूसरे सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन किंग भी 15 गेंद में 17 रन बनाने के बाद पावर प्ले के भीतर पवेलियन लौट गए जिससे वेस्टइंडीज की टीम कभी नहीं उबर पाईं। ऑफ स्पिनर लीस्क ने इसके बाद कप्तान पूरन को आउट करके वेस्टइंडीज की परेशानी बढ़ाई। टीम का स्कोर 10 ओवर में पांच विकेट पर 69 रन था। जेसन होल्डर ने 33 गेंद में चार चौकों और एक छक्के से 38 रन की पारी खेलकर हार के अंतर को कम किया।

इससे पहले मुन्से ने स्कॉटलैंड को तेज शुरुआत दिलाई जिससे टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 54 रन बनाए। बारिश के कारण 20 मिनट के ब्रेक टीम की लय टूट गई और खेल दोबारा शुरू होने पर वेस्टइंडीज ने उनका स्कोर 12 ओवर में तीन विकेट पर 83 रन कर दिया। मुन्से ने हालांकि एक छोर संभाले रखा और डेथ ओवरों में कुछ बड़े शॉट खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। स्कॉटलैंड ने अंतिम चार ओवर में 38 रन जोड़े।(एजेंसी) 

एक वेल्डिंग करता था, दूसरा सीख रहा था टाइल्स लगाना...टाइगर श्रॉफ केस में गिरफ्तार आरोपियों की क्राइम कुंडली

मणिपुर में फिर भड़की जातीय हिंसा की चिंगारी, CM के सरकारी बंगले के बाहर शव छोड़ने से तनाव; भीड़ पर आंसू गैस

सीजेपी नेता की पेशी के बीच हाई कोर्ट पहुंची नेहा बोरा, पुलिस के नोटिस के खिलाफ याचिका; बॉन्ड भरने से किया मना

सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास की पेशी, रविवार को सुनवाई के दौरान क्यों फंसा था पेंच?

लंदन में प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान और PoK के झंडों के साथ दिखे कांग्रेस के झंडे, किरेन रिजिजू का तीखा हमला