नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) में आज साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश (SA vs BAN) के बीच मुकाबला खेला गया। जहां, साउथ अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी की और इस मुकाबले को 104 रनों से जीत लिया। इस मैच में बांग्लादेश का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। इस मैच में बांग्लादेश के विकेटकीपर नुरुल हसन (Nurul Hasan) ने एक होशियारी की, जो अंपायर से छुप नहीं पाई और इसकी सजा पूरी टीम को मिली।
दरअसल, साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने 11वां ओवर करने आए थे। उनकी ओवर के आखिरी गेंद नो बॉल रही थी, जिस पर फ्री हिट दिया गया। जिसके बाद शाकिब के बॉल फेंकने के दौरान ही, बांग्लादेशी विकेटकीपर ने होशियारी दिखाने की कोशिश की और विकेट के पीछे अपनी जगह बदलते हुए नजर आए, जो फील्ड अंपायर ने देख लिया। उसके बाद अंपायर रॉड टकर ने दूसरे अंपायर लैंग्टन रुसेरे से बात की और फिर जुर्माने के तौर पर साउथ अफ्रीका के खाते में 5 रन जोड़ दिए।
बता दें कि, ICC के नियम के अनुसार, बॉलर के रनअप शुरू करने और बॉल डालने के बीच विकेटकीपर को जगह बदलने की अनुमति नहीं है। लेकिन, जब शाकिब बॉल फेंकने के लिए रनअप ले रहे थे। तभी नुरुल हसन ने अपनी पॉजिशन बदल ली थी। वह लेफ्ट की ओर आ गए थे। लेकिन, यह उनकी होशियारी उनके लिए ही आफत बन गई।
बात करें मुकाबले की तो, मैच में अफ्रीकी टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। जहां टीम ने 5 विकेट पर 205 रन बनाए। इस दौरान टीम के लिए रिली रोसो ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 56 बॉल पर 109 रन बनाए। जहां, उन्होंने 8 छक्के और 7 चौके जमाए। इनके अलावा क्विटंन डिकॉक ने 38 बॉल पर 63 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। बांग्लादेश के लिए कप्तान शाकिब ने 2 विकेट लिए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश 16.3 ओवर में केवल 101 रनों पर ही सिमट गई।