सिडनी: न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (T20 World Cup 2022 Semi-Final) के अपने प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (NZ vs PAK) की तेज गेंदबाजी को ‘शानदार' करार देते हुए मंगलवार को कहा कि उस टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं जो मैच विजेता भी हैं।
विलियमसन ने बुधवार को खेले जाने वाले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘उनके पास शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण है। वे वास्तव में अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी टीम में काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो मैच विजेता भी हैं। यह उस टीम की असली ताकत है।''
विलियमसन ने इस मौके पर सिडनी क्रिकेट मैदान की पिच के दोहरे रवैये के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी दिलचस्प है, जब हमने यहां पहला मैच खेला था तब विकेट (पिच) बहुत अच्छा था। लेकिन हमारे दूसरे मैच के दौरान इसमें काफी बदलाव था। कई बार आप जब मैदान में उतरते है तो पिछले मैच की परिस्थितियां दिमाग में हावी होती है।''
न्यूजीलैंड की टीम कई बार सीमित ओवरों के प्रारूप में विश्व कप खिताब के करीब पहुंच कर इससे से चूक गयी। टीम ने पिछले साल विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के शुरूआती सत्र का खिताब जीता था लेकिन एकदिवसीय विश्व कप (2019) में उसे बाउंड्री संख्या के आधार पर हार का सामना करना पड़ा।
विलियमसन से जब आईसीसी टूर्नामेंटों में टीम के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘आप ऐसे टूर्नामेंटों में जीत के लिए आते हैं और हमने देखा है कि कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है। यह काफी रोमांचक है।'' (एजेंसी)