नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) में रविवार को हुए भारत-पाक (IND vs PAK) मैच में जिस तरह से टीम इंडिया ने जीत दर्ज की वह काबिल- ए- तारीफ रहा। इस मुकाबले का आखिरी ओवर काफी दिलचस्प रहा। जिसमें भारत को जीत के लिए 16 रन की दरकार थी। आखिरी ओवर पाकिस्तान के स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz) डालने आए थे। इस ओवर में नवाज ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन वह 16 रन नहीं बचा पाए।
नवाज ने शुरुआती तीन गेंदों पर एक विकेट लेकर केवल तीन रन दिए थे। यहां तक मैच पूरी तरह पाकिस्तान के हाथ में था। लेकिन, फिर इस ओवर की चौथी गेंद मैच का टर्निंग पॉइंट बन गई। इसी चौथी गेंद को लेकर अब बहस भी छिड़ गई है। दरअसल, नवाज ने ओवर की चौथी गेंद को फुलटॉस रखा था। यह कमर के ठीक बराबर आती नजर आ रही थी। इस गेंद पर कोहली ने छक्का जड़ा, लेकिन फिर उन्होंने अंपायर से इसे नो-बॉल मांगा। जिसके बाद अंपायर ने यह गेंद नो-बॉल करार दी और यहीं से मैच की दिशा पलट गई।
अब इस नो बॉल दिए जाने पर पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम, वकार यूनिस, शोएब अख्तर और मोईन खान ने अंपायर के इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। वेटरन प्लेयर शोएब मलिक ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है।
वसीम अकरम के अनुसार, मैदानी अंपायर को नो-बॉल देने से पहले थर्ड अंपायर की मदद लेनी चाहिए थी। उन्होंने कहा, 'गेंद नीचे आती हुई नजर आ रही थी। बल्लेबाज तो नो-बॉल की डिमांड करेगा ही लेकिन आपके पास टेक्नोलॉजी है तो उसका इस्तेमाल करना चाहिए था।'
वकार यूनिस ने कहा, 'स्क्वेयर लेग अंपायर को पहले मुख्य अंपायर से इस पर बात करनी चाहिए थी। उसके बाद वे थर्ड अंपायर के पास जा सकते थे। थर्ड अंपायर इसीलिए तो बैठे होते हैं। यह फैसला उन्हीं पर छोड़ना चाहिए था।'
शोएब अख्तर ने इस गेंद पर ट्वीट करते हुए अंपायर को सोचने की सलाह दी है। ट्वीट में उन्होंने लिखा है, 'अंपायर भाइयों, यह आज रात के लिए सोचने का विषय है।'
https://twitter.com/shoaib100mph/status/1584175563274522624
रमीज राजा ने भी ट्वीट कर कहा, 'एक क्लासिक मैच! आप कुछ जीतते हैं, तो कुछ हारते भी हैं। आप सभी जानते हैं कि यह मैच क्रूर और अनुचित हो सकता है। पाकिस्तान टीम बैट और बॉल से इससे ज्यादा अच्छा नहीं कर सकती थी। इस एफर्ट के लिए गर्व है।'
https://twitter.com/iramizraja/status/1584163592823136258
हालांकि, मोईन खान ने इस गेंद को नो-बॉल ही करार दिया है। उन्होंने कहा, 'रिप्ले देखने पर यह गेंद नो-बॉल ही दिखाई दे रही है, यहां गलती केवल इतनी है कि, उस समय अंपायर को भी रिप्ले देखना चाहिए था।'
शोएब मलिक ने भी कुछ ऐसा ही कहा। वह बोले, 'जब आपके पास थर्ड अंपायर का विकल्प है तो मदद लेनी चाहिए थी। खासकर ऐसे बड़े और महत्वपूर्ण मैचों में यह जरूरी था। अगर फैसला रिप्ले देखने के बाद लिया जाता तो बेहतर होता।'
मुकाबले की बात करें तो, पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में भारत के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा। जिसके जवाब में मैदान पर उतरी टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल दोनों ने ही अपना विकेट जल्दी खो दिया था। हालांकि बाद में विराट कोहली और हार्दिक पंड्या ने मिलकर भारत की पारी संभाली, जहां पंड्या ने 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। यह मुकाबला आखिरी गेंद तक गया, जिसमें अश्विन ने सिंगल लिया और भारत ने जीत दर्ज कर पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया।