नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) में पाकिस्तान को टीम इंडिया (IND vs PAK) से करारी हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद पाकिस्तान की टीम काफी निराश नजर आई। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने ड्रेसिंग रूम में अपने प्लेयर्स के लिए काफी खास बातें कही और उन्हें मोटीवेट किया।
अपनी स्पीच में बाबर आजम ने खासकर स्पिनर मोहम्मद नवाज (Mohammad Nawaz) से बात की। बाबर उन्हें मोटीवेट करते हुए दिखाई दिए और उन्हें कहा सिर झुकाना नहीं है। इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया। अब आगे के मैचों पर ध्यान देना है। बाबर ने अपने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए उन्हें आगे के महत्वपूर्ण मैचों पर ध्यान देने की भी बात कही है। पीसीबी (PCB) ने इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर किया भी किया है।
https://twitter.com/TheRealPCB/status/1584225687031861250
इस वीडियो में बाबर कह रहे हैं कि, 'बहुत अच्छा मैच हुआ। हमने एफर्ट की। हमारे हाथ में एफर्ट है। कुछ गलतियां हुईं… उनसे सीखना है। गिरना नहीं है। टूर्नामेंट स्टार्ट हुआ है। अभी बड़े मैच पड़े हैं। गिरे कोई ना…मैं फिर बोलूंगा कि किसी एक बंदे की वजह से नहीं हारे हैं। हम सब हारे हैं। किसी पर उंगली नहीं उठानी हैं। ये इस टीम में नहीं होगा। बतौर टीम हम हारे हैं। बतौर टीम ही हम जीतेंगे। एकसाथ रहना है। अच्छी परफॉर्मेंस भी की है। वो भी देखो। हां…थोड़ी-थोड़ी गलतियां हो रही हैं, उनमें सुधार करना है बतौर टीम।'
बाबर आजम ने मोहम्मद नवाज से कहा, 'स्पेशली नवाज… कोई मसला नहीं है। तू मैच विनर है मेरा। मुझे तुझ पर हमेशा भरोसा रहेगा जो मर्जी हो। सिर गिराना नहीं है। तू मैच जिताएगा मुझे। बड़ा अच्छा एफर्ट था…प्रेशर वाला मैच था… लेकिन तू मैच को इतना क्लोज लेकर गया। यह बहुत शानदार रहा। सारी चीजें यहीं छोड़कर जाना, ठीक है…आगे जाकर नए सिरे से शुरू करना है। हम बतौर टीम बहुत अच्छा खेले। उसको ही जारी रखना है। ऑल द बेस्ट।'
बता दें कि, आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 16 रनों की दरकार थी। तब बाबर ने नवाज को ओवर दिया था। जिसमें नवाज ने एक हाइट की नोबॉल भी की थी। उस नोबॉल ने ही पाकिस्तान का सारा खेल बिगाड़ दिया था। हालांकि आखिरी ओवर में नवाज ने दो विकेट भी लिए, लेकिन कोहली ने मैच विनिंग पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।