नई दिल्ली: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई में टीम इंडिया (Team India) ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) में सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 10 नवंबर को भारत का सेमीफाइनल में इंग्लैंड (IND vs ENG) से सामना होना है। लेकिन, इस मुकाबले से पहले बीते मंगलवार को खबर आई थी कि, कप्तान रोहित शर्मा चोटिल (Rohit Sharma Injury) हो गए हैं। जिसके बाद सभी फैंस टेंशन में आ गए थे। हालांकि, अब खुद रोहित शर्मा ने अपनी चोट पर अपडेट दिया है।
दरअसल, प्रैक्टिस के दौरान रोहित शर्मा खुद को चोटिल आकर बैठे थे। जिसके बाद अब सेमीफाइनल मुकाबले से पहले उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी चोट को लेकर अपडेट दिया। रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा, 'मुझे कल प्रैक्टिस के दौरान गेंद लग गई थी लेकिन फिलहाल सब ठीक है। हां चोट लगी थी लेकिन अभी सब ठीक महसूस कर रहा हूं।' रोहित शर्मा के इस बयान के बाद से ही लोगों ने राहत की सांस ली। साथ ही यह भी तय हो गया कि, रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला जरूर खेलेंगे और किसी भी तरह के खतरे की बात नहीं है।
https://twitter.com/ANI/status/1590200248575881216
रोहित ने आगे कहा, 'अलग-अलग मैदानों पर खेलना इस टूर्नामेंट में आपके लिए चुनौतियों में से एक है। दुबई में मैदान हर तरफ से लगभग एक जैसा था। यहां यह अलग-अलग मैचों में अलग होता है। एडिलेड एक ऐसा मैदान है जहां आपको अलग-अलग तरीके तलाशने होते हैं। यहां बाउंड्री छोटी हैं तो वहीं मेलबर्न बिल्कुल अलग था।'
बता दें कि, एडिलेड में प्रैक्टिस के दौरान रोहित शर्मा की बांह पर गेंद लग गई थी। जब रोहित शर्मा एडिलेड में नेट प्रैक्टिस में थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट एस रघु का सामना कर रहे थे, तभी एक शॉर्ट पिच गेंद तेजी से उछलकर उनकी दाईं बांह पर लगी। जिसके बाद वह प्रैक्टिस छोड़कर चले गए और काफी देर तक आराम किया। हालांकि, बाद में वह फिर से मैदान पर आए और प्रैक्टिस की थी।