मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ तूफानी पारी खेली।
इसके बाद सूर्या का एक खास देसी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में वे सरफराज खान और टीम के साथियों संग जमीन पर बैठकर मटन पार्टी कर रहे हैं।
Suryakumar Yadav Mutton Party Viral Video: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कमान संभाल रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ बल्ले से तबाही मचाने के बाद अब सूर्यकुमार यादव का एक बेहद खास और देसी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे इस वीडियो में सूर्या अपने साथी खिलाड़ी सरफराज खान और मुंबई टीम के अन्य सदस्यों के साथ जमीन पर बैठकर मटन पार्टी का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे इस वीडियो में सूर्यकुमार यादव का बेहद सादगी भरा और देसी अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह दावत किसी किचन के अंदर ही चल रही है। सूर्या और सरफराज खान बिना किसी तामझाम के जमीन पर बैठकर मटन खा रहे हैं।
वीडियो में सूर्यकुमार यादव खाना बनाने वाले शख्स की तारीफ करते हुए कहते कि ये मनीक भाई बैठे हैं, इन्होंने हमारे लिए मटन बनवाया है। एकदम घर वाला फीलिंग देसी। वहीं, बगल में बैठकर खाने का स्वाद ले रहे सरफराज खान भी खुद को तारीफ करने से नहीं रोक पाए। सरफराज ने कहा कि इतना अच्छा खाना बनाया है कि बात करने का मन नहीं कर रहा है, सिर्फ खाने का मन कर रहा है। थैंक्यू।
इस जश्न की बड़ी वजह मुंबई की शानदार जीत भी है। टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी की।
सूर्या ने महज 21 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 60 रन जड़ दिए। अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए और 285.71 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से रन बटोरे।
सूर्यकुमार यादव के अलावा युवा बल्लेबाज मुशीर खान ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मुशीर ने 24 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। सूर्या और मुशीर ने तीसरे विकेट के लिए महज 23 गेंदों में 65 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। मुंबई ने यह लक्ष्य 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इससे पहले टॉस हारकर या पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। हैदराबाद के लिए अभिरथ रेड्डी ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए, जबकि मुंबई की ओर से गेंदबाजी में मैक्सवेल स्वामीनाथन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए।