पाकिस्तान बनाम श्रीलंका  सोर्स- सोशल मीडिया
खेल

बाबर आजम ने रचा इतिहास, टेस्ट मैच में 7000 रन का आंकड़ा किया पार; 4 बल्लेबाजों ने ठोकी फिफ्टी

PAK vs SL 1st Test Day 1: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन बाबर आजम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 7,000 रन पूरे कर लिए हैं। पहले दिन पाकिस्तान के चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

बाबर आजम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 7,000 रन पूरे किए।

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले दिन खराब रोशनी तक 5 विकेट पर 281 रन।

सऊद शकील (57) क्रीज पर हैं और मैच सुबह 10 बजे शुरू होगा।

Babar Azam 7000 First Class Runs: रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले का शुरुआती दिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम के नाम रहा। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने मैच के पहले ही दिन एक बड़ा ऐतिहासिक मील का पत्थर छूते हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 7,000 रन पूरे कर लिए हैं।

खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल समय से पहले रोके जाने तक पाकिस्तान ने 67.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 281 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय सऊद शकील (57) और विकेटकीपर गाजी गोरी डटे हुए हैं। आज दूसरे दिन का मुकाबला आज सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

टॉस जीतकर श्रीलंका ने चुनी गेंदबाजी

श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर हरी घास वाली पिच पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। लेकिन पाकिस्तान के युवा सलामी बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया।

20 वर्षीय युवा ओपनर तैयब आरिफ और अजान अवैस ने आक्रामक शुरुआत की और शुरुआती 16 ओवरों तक श्रीलंकाई गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिलने दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए तेजी से 86 रन जोड़े। अजान अवैस 30 रन बनाकर मिलान रतनायके का शिकार बने, जिनका मेंडिस ने शानदार कैच लपका।

तैयब आरिफ और मोहम्मद ताहा का धमाकेदार टेस्ट डेब्यू

पाकिस्तान के लिए इस मैच में डेब्यू कर रहे दो युवा बल्लेबाजों तैयब आरिफ और मोहम्मद ताहा ने जबरदस्त खेल दिखाया। तैयब ने टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 51 गेंदों पर 57 रन कूट दिए, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।

उन्होंने लाहिरू कुमारा के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर सिर्फ 46 गेंदों में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह अर्धशतक के तुरंत बाद असिथा फर्नांडो की गेंद पर आउट हो गए। वहीं, तीसरे नंबर पर उतरे मोहम्मद ताहा ने धैर्य का परिचय दिया और 105 गेंदों में 51 रनों की जुझारू पारी खेली।

बाबर आजम का ऐतिहासिक कीर्तिमान

दिसंबर 2022 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में शतक के सूखे से जूझ रहे कप्तान बाबर आजम इस मैच में बेहद शानदार लय में दिखे। लंच के ठीक बाद दिलशान मदुशंका के ओवर में उन्होंने तीन दर्शनीय कवर ड्राइव लगाए और अपने टेस्ट करियर का 35वां अर्धशतक पूरा किया।

अपनी 58 गेंदों में 50 रनों की पारी के दौरान बाबर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 7,000 रन भी पूरे किए। हालांकि, वह अपनी इस पारी को बड़े शतक में नहीं बदल सके और मदुशंका के अगले ही ओवर में कुसल मेंडिस को कैच दे बैठे। इसके साथ ही उनके टेस्ट शतक का इंतजार अब 41 पारियों तक पहुंच गया है।

सऊद शकील ने संभाला मोर्चा

पहले सत्र में 30 ओवर में 2 विकेट पर 137 रन बनाकर पाकिस्तान मजबूत स्थिति में था, लेकिन दूसरे और तीसरे सत्र में श्रीलंका के तेज गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ में सुधार कर अच्छी वापसी की। बाबर के आउट होने के बाद ताहा और सऊद शकील ने चौथे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की।

ताहा को पार्ट-टाइम स्पिनर सोनल दिनुषा ने आउट किया, जबकि सलमान अली आगा (16) को असिथा फर्नांडो ने पवेलियन भेजा। इसके बाद कम होती रोशनी के बीच शकील (57 रन नाबाद) और गाजी गोरी ने संभलकर खेलते हुए दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए हैं।

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल

शेख हसीना फिर जाएंगी बांग्लादेश! नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन