नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) के इस सीजन में कई बार ख़राब अंपायरिंग देखी गई। जबकि कई बार खिलाड़ियों ने तो कभी फैंस ने अंपायर्स के दिए गए निर्णय पर सवाल खड़ा किया। भारत-पाकिस्तान (IND vs PAK) के मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने मिला था। जब पाकिस्तानी फैंस ने एक अंपायर के फैसले पर सवाल खड़े किए थे और उन्हें सोशल मीडिया (Social Media) पर ट्रोल किया था। अब वो ही अंपायर पाकिस्तान के सेमीफाइनल मुकाबले में अंपायरिंग करता नजर आने वाला है।
दरअसल, भारत-पाकिस्तान के मैच में नो बॉल को लेकर एक बड़ा विवाद हुआ था। जिसे लेकर पाकिस्तानी फैंस ने अंपायर को दोषी ठहराया था, अब वही पाकिस्तान के सेमीफाइनल मैच में अंपायरिंग करते नजर आएंगे। सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होना है। जिसमें बतौर फील्ड अंपायर साउथ अफ्रीका के मराइस इरासमस (Marais Erasmus) और इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ अंपायरिंग करते हुए दिखाई देंगे।
वहीं, इस पहले सेमीफाइनल में थर्ड अंपायर इंग्लैंड के रिचर्ड कैटलबोरो होंगे। जबकि इंग्लैंड के ही माइकल गफ को फोर्थ अंपायर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सेमीफाइनल के मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड होंगे। बता दें कि, फाइनल मुकाबले के लिए अंपायर की नियुक्ति दोनों टीमों के फाइनल में पहुंचने के बाद होगी।
ज्ञात हो कि, पाकिस्तान टीम ने इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच भारतीय टीम के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भी मराइस ने ही अंपायरिंग की थी। उन्होंने ही मैच के आखिरी ओवर में स्पिनर मोहम्मद नवाज की फुल टॉस गेंद को कमर से ऊपर की नो-बॉल करार दिया था। उस समय विराट कोहली ने इस बॉल पर छक्का लगाकर नो-बॉल की मांग की थी। जिसके बाद पाकिस्तानी फैंस ने आरोप लगाया था कि कोहली के कहने पर अंपायर ने नो-बॉल दी है।