जिंदल पैंथर फाइनल में: जिंदल पैंथर ने अरावली पोलो को 8–7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
शेरगिल का शानदार प्रदर्शन: सिमरन एस. शेरगिल ने 5, नवीन जिंदल ने 2 और महेश शर्मा ने 1 गोल किया।
कल फाइनल मुकाबला: फाइनल मैच कल रविवार, 11 अक्टूबर नोएडा के जिंदल पोलो एस्टेट में होगा।
Jindal Panther Cup Semifinal: जिंदल पैंथर ने नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में खेले गए जिंदल पैंथर कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में अरावली पोलो को कड़े मुकाबले में 8–7 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। अतिंम क्षणों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में जिंदल पैंथर ने अरावली पोलो की शानदार वापसी के बावजूद अपना संयम बनाए रखा और जीत हासिल कर ली।
जिंदल पैंथर ने मैच की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की और पहले चक्कर में 4–1 की बढ़त बना ली। शुरुआती बढ़त के साथ टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। हालांकि, अरावली पोलो ने तीसरे चक्कर में शानदार वापसी करते हुए लगातार अंतर कम किया और मैच को बेहद रोमांचक बना दिया।
दोनों टीमों के बीच केवल एक गोल का अंतर रहने के कारण मुकाबले का फैसला अंतिम क्षणों तक टिका रहा। दबाव के बीच जिंदल पैंथर ने अपनी बढ़त कायम रखी और जीत के साथ फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
मुकाबले में जिंदल पैंथर की ओर से सिमरन एस. शेरगिल ने बेहतरी प्रदर्शन करते हुए पाँच गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान नवीन जिंदल ने दो गोल का योगदान दिया, जबकि महेश शर्मा ने टीम के लिए आठवाँ और निर्णायक गोल किया।
दूसरी ओर, अरावली पोलो ने अंत तक कड़ी चुनौती पेश की। टीम की तरफ से नवीन सिंह और जुआन मार्टिन जोड़ी ने तीन-तीन गोल किए और मुकाबले में अपनी टीम की उम्मीदें बरकरार रखीं। हालांकि, जिंदल पैंथर ने आखिरी सीटी तक एक गोल की बढ़त बरकरार रखी और 8–7 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
यह जीत जिंदल पैंथर कप में जिंदल पैंथर के अभियान के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह टूर्नामेंट नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में आयोजित चार सप्ताह के 2026 पोलो सीजन का हिस्सा है। सेमीफाइनल में जीत के बाद अब टीम की निगाहें कल यानी रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर होंगी, जहाँ वह टूर्नामेंट का खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेगी।
आपको बता दें कि जिंदल पैंथर कप का फाइनल मुकाबला कल यानी रविवार, 11 अक्टूबर को नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में खेला जाएगा, जिसमें जिंदल पैंथर खिताब के लिए मुकाबला करेगी। फाइनल में उसका सामना किस टीम से होगा, यह दूसरे सेमीफाइनल के परिणाम पर निर्भर करेगा।