-विनय कुमार
आज से ठीक 3 दिन पहले मेलबर्न के जिस मैदान पर हुए महायुद्ध में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर धूल चटाई थी, उसी मैदान में आज बुधवार, 26 अक्टूबर को IRE vs ENG मैच में आयरलैंड ने अपने प्रदर्शन से दुनिया को चौंका दिया। आयरलैंड ने Super-12 राउंड के मुकाबले में England को डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से 5 रनों से हरा दिया।
आज खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 157 रन बनाए थे और इंग्लैंड को जीत के लिए 158 रनों का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य को चेज़ करने मैदान में उतरी इंग्लैंड की टीम ने 14.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए थे। लेकिन, तेज़ बारिश की वजह से आगे नहीं खेला जा सका और Duckworth Lewis नियम के अनुसार इंग्लैंड 5 रन से मैच हार गई।
गौरतलब है कि, T20 World Cup के इतिहास में दूसरा मौका है, जब आयरलैंड ने इंग्लैंड को धूल चटाई है। ICC ODI World Cup, 2011 में भारत में हुए आयोजित टूर्नामेंट में आयरलैंड ने इंग्लैंड को 5 गेंद शेष रहते 3 विकेट से शिकस्त दी थी। आपको याद दिला दें कि उस मुकाबले में आयरलैंड को (IRE vs ENG ODI World Cup, 2011) इंग्लैंड से मिली जीत के लक्ष्य को 50 ओवर में 328 रन बनाने थे। उस मैच में आयरलैंड ने इंग्लैंड को रन चेज़ करते हुए हरा दिया था। केविन ओ ब्रायन (Kevin O'Brien) ने 63 गेंदों में 113 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी और आयरलैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
उस समय तब ब्रायन ने ICC ODI World Cup के इतिहास की सबसे तेज शतक लगाया था। और, आज ICC T20 World Cup, 2022 ENG vs IRE मैच के महानायक रहे आयरलैंड के कप्तान एंडी बालबर्नी (Andrew Balbirnie Captain)। आज उनके बल्ले से 47 गेंदों में 62 रन निकले। आयरलैंड की तरफ से गेंदबाज़ी में जोश लिटिल ने घातक बोलिंग की। उन्होंने 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जोश लिटिल ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (Jos Butler) को शून्य पर पवेलियन लौट दिया। सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स (Alex Hales) भी उनके शिकार हुए।
आज के मैच में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले में ही इंग्लैंड के 3 महत्वपूर्ण बल्लेबाज़ आउट हो गए। हालांकि बाद में पारी संभली। मोईन अली (Moeen Ali) ने 15वें ओवर की पहली 3 गेंदों में 1 चौका और एक छक्का ठोका। लेकिन, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। झमाझम बारिश होने लगी और मैच समाप्त करना पड़ा। डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार इस मैच में इंग्लैंड को 5 रनों से हार झेलनी पड़ी।