नई दिल्ली: बीते मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुआ। इस मैच में संजू सैमसन का विकेट (Sanju Samson Wicket) अब विवादों में आ गया है। जिसकी वजह से एक बार फिर आईपीएल में हो रहे अंपायरिंग (IPL 2024 Umpiring) पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
संजू सैमसन के विकेट पर बवाल
इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए थे। जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन काफी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 46 गेंदों पर 86 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी देखकर यह माना जा रहा था कि यह मैच राजस्थान के हाथों में है। लेकिन फिर वह 16वें ओवर में मुकेश कुमार की चौथी गेंद पर बाउंड्री लाइन पर शाई होप के हाथों कैच आउट हो गए। हालांकि अब इसी कैच पर सवाल उठने लगे हैं।
संजू ने ऑनफील्ड अंपायर से की बातचीत
दरअसल, संजू सैमसन का मानना था कि शाई होप ने कैच पकड़ने के दौरान बाउंड्री लाइन को टच कर लिया है। लेकिन पर थर्ड अंपायर ने सैमसन को आउट दे दिया। जिसके बाद संजू ऑनफील्ड अंपायर से बात करने के लिए बीच रास्ते में वापस आए। यह माहौल काफी गर्म हो हो गया।
पार्थ जिंदल का रिएक्शन वायरल
इतना ही नहीं संजू सैमसन के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल का रिएक्शन भी काफी वायरल हो रहा है। दरअसल, जैसे ही सैमसन ने फैसले को लेकर मैदानी अंपायर के सामने आपत्ति जताई, जिंदल ने उन पर "आउट है, आउट है" चिल्लाना शुरू कर दिया। ऐसे में अब अपने इस रिएक्शन की वजह से जिंदल काफी ट्रोल हो रहे हैं।
ऐसा रहा मुकाबला
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली ने 8 विकेट पर 221 रन बनाए। जहां जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने अर्धशतक जड़ा। अभिषेक पोरेल ने 36 गेंदों पर 65 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं राजस्थान टीम के लिए स्पिन स्टार रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। जबकि युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट और संदीप शर्मा को 1-1 सफलता हासिल हुई।
वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 86 रनों की जबरदस्त पारी खेली। हालांकि राजस्थान को इस मुकाबले में 20 रन से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए तेज गेंदबाज खलील अहमद, मुकेश कुमार और स्पिनर कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके।