नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए साल 2022 काफी अच्छा रहा है। विराट कोहली ने इस साल खेले गए एशिया कप 2022 में भी अच्छा प्रदर्शन दिखाया। वहीं, फ़िलहाल खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भी विराट अच्छे फॉर्म में नज़र आ रहे है। वहीं, अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अक्टूबर महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ (ICC Player of the Month) के लिए अवॉर्ड की घोषणा कर दी है। इस बारे ये खास अवॉर्ड विराट कोहली को दिया गया है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के लिए विराट को यह अवॉर्ड दिया गया है। विराट ने यह अवॉर्ड जिम्बाब्वे के दिग्गज ऑलराउंडर सिकंदर रजा और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर को पीछे छोड़ते हुए हासिल किया है। विराट ने अक्टूबर महीने में 205 के शानदार औसत से 205 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 150.73 का रहा था।
बता दें कि, विराट कोहली को पहली बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ (ICC Player of the Month) का अवॉर्ड मिला है। वहीं, यह अवॉर्ड मिलने के बाद कोहली ने कहा कि ‘मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि मुझे यह अवॉर्ड दिया गया’।
विराट कोहली ने पिछले महीने शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 82 रनों की पारी खेली थी।इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में भी 62 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, उन्होंने अक्टूबर महीने में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान गुवाहाटी में 28 गेंदों पर ताबड़तोड़ 49 रनों की पारी भी खेली थी।
बता दें कि विराट का ये कोई पहला ICC अवॉर्ड नहीं है। इससे पहले भी विराट ने आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर, क्रिकेटर ऑफ द डिकेड, ODI क्रिकेटर ऑफ द डिकेड, ODI प्लेयर ऑफ द ईयर, टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर जैसे कई अवॉर्ड जीते हैं। कोहली एक साल में सभी ICC वार्षिक व्यक्तिगत पुरस्कार जीतने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं।