नयी दिल्ली: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) का इंतजार आख़िरकार ख़त्म हो गया है। चटोग्राम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने बांग्लादेश (India vs Bangladesh 1st Test Match) के खिलाफ खेलते हुए अपने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया। बता दें इससे पहले गिल ब्रिसबेन टेस्ट में शतक लगाने से चूके थे।
ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ दूसरी पारी खेलते हुए गिल 91 रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन, अब इस बार उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया। शुभमन गिल ने 147 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान गिल ने 10 चौके और 2 छक्के जड़े। गिल ने 151 गेंदों में 110 रन बनाए। अपनी पारी में गिल ने 40 सिंगल और 6 डबल्स भी लिए।गिल ने मेहदी हसन की गेंद पर छक्का लगाया। हालांकि, उसके बाद गिल को पवेलियन लौटना पड़ा।
आज की पारी के दौरान किस्मत ने भी गिल का साथ दिया। दूसरी पारी के 32वें ओवर में गिल आउट हो सकते थे। लेकिन, उनकी किस्मत ने उन्हें बचा लिया। 32 वें ओवर में गिल के खिलाफ LBW की अपील हुई थी। अंपायर ने उसे नॉट आउट दिया। इसके बाद फिर बांग्लादेश ने डीआरएस मांगा लेकिन डीआरएस उस वक्त तकनीकी खराबी की वजह से उपलब्ध नहीं था।
साल 2022 शुभमन गिल के लिए कमाल रहा है। इस साल गिल ने 16 पारियों में 60.69 की औसत से 789 रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे शतक लगाया था और वो 4 हाफसेंचुरी भी लगा चुके हैं।