पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
चौथे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला आज भारत और यूएई के बीच होने वाले 'करो या मरो' के मुकाबले से होगा।
ग्रुप A में भारतीय टीम दूसरे और यूएई तीसरे स्थान पर है, जिससे आज जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में जाएगी।
IND vs UAE U19 Asia Cup 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, जहां टूर्नामेंट की 3 टीमों- पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है।
अब चौथे और आखिरी सेमीफाइनलिस्ट का फैसला आज यानी मंगलवार, 10 नवंबर को भारत और यूएई के बीच होने वाले ब्लॉकबस्टर मुकाबले से होगा। ग्रुप A में फिलहाल टीम इंडिया दूसरे और यूएई तीसरे स्थान पर बनी हुई है, जिसके चलते यह मैच एक तरह से वर्चुअल नॉकआउट या 'करो या मरो' का मुकाबला बन चुका है।
ग्रुप-A से पाकिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर चुका है। अब इस ग्रुप से दूसरे स्थान के लिए भारत और यूएई के बीच सीधी टक्कर है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही टीमों ने अपने पहले मैचों में नेपाल को मात दी थी और दोनों को ही पाकिस्तान के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी है।
यदि आज होने वाला यह मुकाबला किसी वजह से रद्द या बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो टीम इंडिया को सीधा फायदा मिलेगा। बेहतर नेट रन रेट (+1.439) होने की वजह से भारतीय टीम आसानी से सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। वहीं, मैच जीतने वाली टीम सीधे अगले दौर में पहुंचेगी।
दूसरे ग्रुप (Group B) की बात करें तो वहां की दोनों सेमीफाइनल टीमें तय हो चुकी हैं। अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम ने अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप में टॉप किया और सबसे पहले सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
वहीं बांग्लादेश ने श्रीलंका की उम्मीदों को तोड़ते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका इस पूरे टूर्नामेंट में 3 मैचों में से केवल मलेशिया को ही हरा सका। दूसरी ओर, बांग्लादेश को सिर्फ अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने श्रीलंका और मलेशिया को हराकर अंतिम चार का सफर तय किया।
टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार, दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में खेलेंगी। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे, जबकि इस जूनियर महाकुंभ का फाइनल (खिताबी मुकाबला) 14 नवंबर 2026 को खेला जाएगा।
रिकॉर्ड्स की बात करें तो भारतीय टीम इस टूर्नामेंट को सबसे ज्यादा 8 बार जीत चुकी है। इसके अलावा बांग्लादेश और पाकिस्तान ने 2-2 बार और अफगानिस्तान ने 1 बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।
भारत और यूएई के बीच अंडर-19 एशिया कप का मुकाबला आज, 10 नवंबर को ओमान के अल अमरत क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा। मैच का टॉस सुबह 10 होगा। वहीं इस मैच का लाइव प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव ऐप पर किया जाएगा।