FIFA World Cup 2026: मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना 2026 फीफा विश्व कप में अपने खिताब को बचाने के अभियान की शुरुआत अल्जीरिया के खिलाफ करेगा। दुनिया भर की निगाहें फिर से टीम के सुपरस्टार लियोनेल मेसी पर होंगी, जो इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठी बार हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि मेसी ने अभी तक अपनी उपलब्धता को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके नहीं खेलने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। फीफा वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद रहे।
फीफा वर्ल्ड कप का यह 23वां एडिशन होगा। इसके मुकाबले 16 शहरों में खेले जाएंगे। पहली बार टूर्नामेंट की मेजबानी एक साथ तीन देश कर रहे हैं। इस बार वर्ल्ड कप का ओपनिंग मैच 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा। इसमें मेजबान देश मेक्सिको और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे। यह पहला मौका होगा जब तीन देश अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे हैं।
अगले साल 11 जून से शुरू होने वाले फीफा विश्व कप में इस बार रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा लेंगी। जिसमें पांच बार के चैंपियन ब्राजील से लेकर पहली बार खेलने वाले केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान भी शामिल हैं। क्वालीफाइंग प्रक्रिया 27 महीने पहले शुरू हुई थी। टूर्नामेंट में इस बार 104 मैच खेले जाएंगे, जो अब तक का सबसे बड़ा प्रारूप है।
यह भी पढ़ें: आंद्रे रसेल ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
| समूह | टीमें |
|---|---|
| ग्रुप A | मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, कोरिया रिपब्लिक, यूरोपियन प्लेऑफ़ D का विजेता |
| ग्रुप B | कनाडा, यूरोपियन प्लेऑफ़ A का विजेता, क़तर, स्विट्ज़रलैंड |
| ग्रुप C | ब्राज़ील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड |
| ग्रुप D | अमेरिका (USA), पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, यूरोपियन प्लेऑफ़ C का विजेता |
| ग्रुप E | जर्मनी, कुराकाओ, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर |
| ग्रुप F | नीदरलैंड्स, जापान, यूरोपियन प्लेऑफ़ B का विजेता, ट्यूनीशिया |
| ग्रुप G | बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूज़ीलैंड |
| ग्रुप H | स्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे |
| ग्रुप I | फ्रांस, सेनेगल, FIFA प्लेऑफ़ 2 का विजेता, नॉर्वे |
| ग्रुप J | अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन |
| ग्रुप K | पुर्तगाल, FIFA प्लेऑफ़ 1 का विजेता, उज़्बेकिस्तान, कोलंबिया |
| ग्रुप L | इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा |
करीब 1.5 लाख की आबादी वाला कुराकाओ जनसंख्या के लिहाज से विश्व कप में हिस्सा लेने वाला सबसे छोटा देश बन गया है। उसका पहला मैच चार बार की चैंपियन जर्मनी से होगा। टीम के कोच डिक एडवोकेट ने इस उपलब्धि को पूरे द्वीप के लिए गर्व का पल बताया।
2026 का टूर्नामेंट अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा। इस बार 16 नई टीमें जुड़ रही हैं, जिससे टीमों की कुल संख्या 48 हो गई है। कतर में खेले गए पिछले विश्व कप में टीमों की संख्या 32 थी। पिछली बार 64 मैच हुए थे। इस बार कुल 104 मैच खेले जाएंगे। ज्यादातर मैच अमेरिका में होंगे। फाइनल न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में होगा।