यूसुफ पठान (फोटो-सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

वो खिलाड़ी जिसने छोटे से करियर में जीता दो वर्ल्ड कप, जानें भारतीय टीम में कैसे बनाई थी अपनी जगह

Happy Birthday Yusuf Pathan: भारतीय टीम के पूर्व आक्रामक बल्लेबाज यूसुफ पठान आज 17 नवंबर 2025 को अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर जानें उनकी कहानी।

उज्जवल सिन्हा

Yusuf Pathan Birthday: भारतीय टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज और मौजूदा सांसद यूसुफ पठान आज 17 नवंबर 2025 को अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। यूसुफ पठान का जन्म 17 नवंबर 1982 को गुजरात के वडोदरा में हुआ था। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से अपनी अलग पहचान बनाई थी। पठान ने अपने छोटे करियर में दो वर्ल्ड कप भी जीता। हालांकि, यूसुफ पठान के पिता नहीं चाहते थे कि पठान क्रिकेट खेले।

उनके पिता महमूद खान पठान मस्जिद में मुअज्जिन का काम करते थे और चाहते थे कि यूसुफ उच्च इस्लामिक शिक्षा प्राप्त करें, ताकि वह एक इस्लामिक स्कॉलर बन सकें। हालांकि, यूसुफ ने अपने पिता के सपने को नकारते हुए क्रिकेट को अपना करियर चुना। उनका सपना भारत के लिए खेलना था और इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की, जो अंततः उन्हें सफलता दिलाई।

2001-02 में किया था फर्स्ट क्लास में डेब्यू

यूसुफ ने 2001-2002 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया, लेकिन उनका अंतरराष्ट्रीय करियर आसान नहीं था। उनके छोटे भाई इरफान ने उनसे पहले भारतीय टीम में डेब्यू किया था। 2007 में देवधर ट्रॉफी में यूसुफ का शानदार प्रदर्शन देखा गया, जिसके बाद उन्हें टी20 विश्व कप के लिए चुना गया। उनका डेब्यू मैच भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए फाइनल में हुआ था। उसी साल उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में भी कदम रखा। हालांकि, वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए कभी नहीं खेल सके।

यूसुफ पठान का करियर

यूसुफ पठान का अंतरराष्ट्रीय करियर अपेक्षाकृत छोटा रहा। 2007 से 2012 तक उन्होंने भारत के लिए 57 वनडे और 22 टी20 मैच खेले। वनडे में उन्होंने 810 रन बनाए, जिनमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे, और 33 विकेट भी लिए। वहीं, टी20 में उन्होंने 236 रन बनाये और 12 विकेट भी अपने नाम किए।

यूसुफ पठान का आईपीएल करियर

उनका घरेलू और आईपीएल करियर बहुत ही शानदार रहा। 2008 से 2019 के बीच उन्होंने आईपीएल में 174 मैचों में 3,204 रन बनाये, जिसमें 1 शतक और 13 अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 142.97 था और उन्होंने 42 विकेट भी लिए। यूसुफ पठान ने 2008 में राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल चैंपियन बनाया और उस फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार भी जीता।

2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर शतक लगाकर आईपीएल का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया, जो बाद में क्रिस गेल ने तोड़ा। इसके अलावा वह 2008, 2012 और 2014 में आईपीएल के खिताब विजेता टीम का हिस्सा रहे। यूसुफ ने आईपीएल में कुल 16 बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब भी जीता।

घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज शतक

यूसुफ पठान ने 2010 में वडोदरा के लिए खेलते हुए घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। उन्होंने 40 गेंदों में शतक लगाया था। बाद में यह रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह ने तोड़ा। उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़े भी बेहद शानदार रहे, जिसमें उन्होंने वडोदरा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 100 मैचों में 4,825 रन और 201 विकेट लिए। लिस्ट ए क्रिकेट में भी उन्होंने 199 मैचों में 4,797 रन और 124 विकेट हासिल किए।

2021 में क्रिकेट को कहा अलविदा

यूसुफ ने 2021 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया और अब वह राजनीति में सक्रिय हैं। वे पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से सांसद हैं। अगर यूसुफ ने अपने पिता की बात मानी होती, तो शायद भारतीय क्रिकेट को एक बेहतरीन बल्लेबाज और खेल के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी का फायदा नहीं मिल पाता।

मणिपुर के सेनापति जिले में भड़की हिंसा, घरों में लगाई आग, CRPF जवान घायल, चश्मदीद ने बताई खौफनाक दास्तां

तमिलनाडु में मुफ्त योजनाओं का ऐलान, साल में 3 फ्री LPG सिलेंडर, महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए मुफ्त बस सफर

इनके आगे गिरगिट भी शर्मिंदा...CM योगी ने कांग्रेस के दोहरे आचरण पर बोला हमला, राहुल को ग्रंथ पढ़ने की दी नसीहत

BRICS मीटिंग से पहले अजीत डोभाल का चीन दौरा, रिश्तों में फिर आई तेजी, अगले महीने दिल्ली आ सकते हैं शी जिनपिंग

मछली शाकाहारी से आस्था का अपमान तक, अजय राय के भोज पर गरमाई सियासत, कहा- कथनी और करनी में अंतर