Women's Asia Cup India Key Players And Updates: महिला एशिया कप 2026 का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगा।
इसके बाद 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम को ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करना होगा।
टीम इंडिया की नजरें एक बार फिर खिताब जीतने पर होंगी, लेकिन इसके लिए कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद अहम रहने वाला है। जिनमे से लोगों को उम्मीदें रहेंगी-
1. स्मृति मंधाना
भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में चल रही हैं। उनका अनुभव टीम के लिए काफी काम आ सकता है। साल 2026 में मंधाना ने 14 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 134 के स्ट्राइक रेट से 436 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं। मंधाना अगर टूर्नामेंट में इसी फॉर्म को जारी रखती हैं, तो भारत को मजबूत शुरुआत मिल सकती है।
2. शेफाली वर्मा
शेफाली वर्मा उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकती हैं। साल 2026 में उन्होंने 16 T20 इंटरनेशनल मैचों में 146 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए हैं।
शेफाली की आक्रामक बल्लेबाजी पावरप्ले में भारत को तेजी से रन बनाने में मदद कर सकती है। अगर वो अपनी मौजूदा फॉर्म बरकरार रखती हैं, तो विपक्षी टीमों के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा।
3. ऋचा घोष
विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष भारतीय टीम के लिए बड़ी ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं। वो खासकर मैच के आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए जानी जाती हैं। ऋचा ने 2026 में 16 T20 इंटरनेशनल मैचों में 146 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं। जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भी भेजा जा सकता है।
4. क्रांति गौड़
गेंदबाजी में क्रांति गौड़ पर सभी की नजरें रहेंगी। उन्होंने पिछले कुछ समय में अपनी रफ्तार और सही लाइन-लेंथ से काफी प्रभावित किया है। एशिया कप में क्रांति नई गेंद से भारत को शुरुआती विकेट दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उनकी तेज गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
5. श्री चरणी
यूएई में होने वाले इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम हो सकती है। ऐसे में श्री चरणी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकती हैं। साल 2026 में चरणी ने 15 T20 इंटरनेशनल मैचों में 27 विकेट लिए हैं। उनका इकोनॉमी रेट भी सिर्फ 6.89 रहा है। उनकी घूमती गेंदें UAE की पिचों पर भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती हैं।
महिला एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। इस बार दोनों टीमें 5 सितंबर को आमने-सामने होंगी। भारत मौजूदा चैंपियन है और टूर्नामेंट में अपनी शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगा। भारतीय टीम की नजरें ग्रुप स्टेज में मजबूत प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहुंचने और फिर खिताब बचाने पर होंगी।