Vaibhav Suryavanshi Emotional Video: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भले ही मैदान पर तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हों और बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ छक्के लगाते हों, लेकिन उनके अंदर आज भी एक मासूम बच्चा झलकता है। मैदान के भीतर और बाहर उनकी सादगी और भावनाएं साफ नजर आती हैं।
हाल ही में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले के बाद वैभव भावुक हो गए। उनकी टीम आखिरी ओवर में मैच हार गई, जिसके बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वैभव 03 नंबर की जर्सी में निराश बैठे दिखाई देते हैं। कभी वह टोपी से चेहरा छिपाते हैं तो कभी अपने आंसू पोंछते नजर आते हैं। इसी दौरान कोलकाता का एक खिलाड़ी उनके पास आकर उनका हौसला बढ़ाता है और कंधे पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना देता है।
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। वैभव ने 28 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने कार्तिक त्यागी और वैभव अरोरा पर जमकर रन बटोरे, जबकि सुनिल नारायन और ग्रीन के खिलाफ भी बड़ा शॉट खेला।
हालांकि, बाद में वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए, जहां रमनदीप सिंह ने उनका कैच लपका। वैभव इस तरह एक और अर्धशतक से चूक गए।
मैच में कोलकाता ने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय 85 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन रिंकू सिंह (नाबाद 53) और अनुकूल रॉय (नाबाद 29) के बीच 76 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया। टीम ने 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली।
यह भी पढ़ें- IPL 2026 Points Table में पंजाब किंग्स की बादशाहत कायम, सीजन की पहली जीत के साथ कोलकाता ने भी लगाया छलांग
इस जीत के साथ केकेआर ने सात मैचों में अपनी पहली जीत दर्ज की और तीन अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं लगातार दूसरी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स छह मैचों में आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है।