Rinku Singh gets back to Home: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह पारिवारिक आपात स्थिति के कारण अचानक घर लौट गए हैं। ऐसे में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। उनकी अनुपस्थिति में संजू सैमसन या किसी अन्य खिलाड़ी को मौका मिल सकता है। इससे पहले सुपर आठ के पहले मैच में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार रिंकू सिंह 24 फरवरी को साउथ अफ्रीका के मैच से पहले ही टीम छोड़कर घर लौट गए थे। उन्होंने चेन्नई में आयोजित अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया। इससे लगभग साफ है कि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह टीम से दोबारा कब जुड़ पाएंगे। रिंकू अब तक इस विश्व कप में हर मैच का हिस्सा रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा।
रिंकू सिंह को पांचों मैचों में खेलने का अवसर मिला, मगर वह कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। इस टूर्नामेंट में उनका सर्वोच्च स्कोर 11 रन रहा। उनके स्कोर 6, 1, 11 नाबाद, 6 नाबाद और 0 रहे हैं। उन्हें हर मुकाबले में बल्लेबाजी का मौका मिला, लेकिन वह टीम को मजबूत स्थिति में नहीं पहुंचा पाए। लगातार साधारण प्रदर्शन के कारण उनकी जगह को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। अब जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में उनकी गैरमौजूदगी चयनकर्ताओं के लिए संयोजन बदलने का अवसर भी हो सकती है।
रिंकू सिंह अपने परिवार के लिए बेहद सजग माने जाते हैं। अक्सर उन्हें अपने परिवार की केयर करते व उनके साथ वक्त बिताते देखा गया है। आज से करीब एक साल पहले यानी 2025 की शुरुआत में रिंकू सिंह ने अपने पापा पर प्यार लुटाते हुए उन्हें लाखों की बाइक गिफ्ट में दी थी। उस वक्त उनके पापा का बाइक चलाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था। तब सोशल मीडिया यूजर्स ने रिंकू सिंह को 'फैमली मैन' बताया था। वहीं, अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच वो फैमली इमरजेंसी के चलते वापस घर लौट आए हैं।
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया के लिए ये जरूरी था…SA से मिली करारी हार के बाद रवी शास्त्री ने टीम के लिए ऐसा क्यों कहा?
ग्रुप चरण में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने लगातार चार जीत दर्ज कर सुपर आठ में जगह बनाई थी। हालांकि सुपर आठ के पहले ही मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मिली 76 रन की हार ने समीकरण बदल दिए। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने बचे दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। जिम्बाब्वे के बाद टीम का सामना वेस्टइंडीज से होगा। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका को भी अपने अगले मुकाबले जीतने होंगे। ऐसे हालात में टीम इंडिया के लिए हर मैच करो या मरो जैसा बन चुका है और अब सभी की नजर अगले मुकाबले पर टिकी रहेगी।