न्यूजीलैंड बनाम कनाडा (फोटो-सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

T20 World Cup 2026 के मैच पर फिक्सिंग का साया! कनाडा-न्यूजीलैंड मुकाबले की जांच में जुटा ICC

T20 World Cup 2026 में कनाडा-न्यूजीलैंड मैच पर मैच फिक्सिंग के आरोपों के बाद ICC की ACU ने जांच शुरू की है, जिसमें क्रिकेट कनाडा से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं।

उज्जवल सिन्हा

T20 World Cup 2026 Match-Fixing Allegations: टी20 विश्व कप 2026 में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में मैच फिक्सिंग के आरोप लगे हैं। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में 17 फरवरी को खेला गया था। अब आईसीसी ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है।

'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की खबर के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की भ्रष्टाचार-रोधी इकाई (एसीयू) ने हाल ही में प्रसारित एक डॉक्यूमेंट्री में किए गए दावों के बाद क्रिकेट कनाडा के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। 17 फरवरी को खेले गए कनाडा-न्यूजीलैंड मैच पर इस जांच का मुख्य फोकस बताया जा रहा है।

पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद कनाडा ने 4 विकेट खोकर 173 रन बनाए थे। हालांकि, न्यूजीलैंड ने सिर्फ 15.1 ओवर में आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया था और 8 विकेट से जीत हासिल करके सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया था। ग्लेन फिलिप्स 39 गेंदों पर 59 रन बनाकर नाबाद रहे थे, जबकि रचिन रवींद्र ने 36 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए थे।

डॉक्यूमेंट्री में हुए बड़े खुलासे

रिपोर्ट में कहा गया है कि एसीयू क्रिकेट कनाडा से जुड़े कई आरोपों की जांच कर रही है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट दोनों से जुड़ी दो सक्रिय जांचें शामिल हैं। ये आरोप 'करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट' नाम की 43 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में उजागर किए गए थे। इस डॉक्यूमेंट्री को कनाडा के खोजी कार्यक्रम 'द फिफ्थ एस्टेट' ने बनाया था और सीबीसी पर प्रसारित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस फिल्म में कनाडा क्रिकेट के भीतर भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और अन्य अनियमितताओं के दावों का विस्तार से वर्णन किया गया है।

जांच के दायरे में पांचवें ओवर

जांच के दायरे में आया एक प्रमुख क्षेत्र न्यूजीलैंड की पारी का पांचवां ओवर है, जिसे कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने फेंका था। टूर्नामेंट शुरू होने से सिर्फ तीन हफ्ते पहले कप्तान नियुक्त किए गए बाजवा ने इस ओवर में 15 रन दिए थे, जिसमें एक नो-बॉल और एक वाइड शामिल थी। उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 35/2 था। आईसीसी की इंटीग्रिटी यूनिट के अंतरिम महाप्रबंधक एंड्रयू एफग्रेव ने आरोपों के विवरण पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट में 'एफग्रेव' के हवाले से कहा गया है, "अपनी स्थापित कार्यप्रणाली के अनुरूप एसीयू किसी भी आरोप के मूल विषय पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है। यह इकाई खुफिया जानकारी, रोकथाम, शिक्षा और जांच के क्षेत्रों में काम करती है और जहां भी खेल की निष्ठा को कोई विश्वसनीय खतरा होता है, वहां कार्रवाई करती है।"

कोच की लीक रिकॉर्डिंग से बढ़ा विवाद

रिपोर्ट के अनुसार, जांच की एक अलग कड़ी में कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहान की एक लीक हुई फोन रिकॉर्डिंग शामिल है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर दावा किया है कि बोर्ड के वरिष्ठ सदस्यों ने उन पर कुछ खास खिलाड़ियों को चुनने का दबाव डाला था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस रिकॉर्डिंग में मैच-फिक्सिंग की कोशिश के दावे भी शामिल हैं। हालांकि, ये आरोप अभी तक सत्यापित नहीं हुए हैं।

पुराने आरोप भी आए सामने

कनाडा के पूर्व हेड कोच पुबुदु दासानायके ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि T20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले टीम के चयन को लेकर उन पर दबाव डाला गया था। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वह फिलहाल क्रिकेट कनाडा पर गलत तरीके से नौकरी से निकाले जाने को लेकर मुकदमा कर रहे हैं। यह विवाद क्रिकेट कनाडा के भीतर चल रही प्रशासनिक उथल-पुथल के बीच सामने आया है; पिछले एक साल में इसके बोर्ड में नेतृत्व के स्तर पर कई बदलाव हुए हैं। इनमें पूर्व सीईओ सलमान खान की नियुक्ति और बाद में उन्हें पद से हटाना भी शामिल है। सलमान खान की नियुक्ति पर पहले आईसीसी ने भी सवाल उठाए थे, क्योंकि उन पर अपने पिछले आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने का आरोप था।

केन्या ने टाटा केमिकल्स से तोड़ा नाता, 100 साल पुराना समझौता रद्द, शेयर बाजार पर असर, कहा- किसी के गुलाम नहीं

मैं रेवंत का समर्थक हूं, कांग्रेस का नहीं, एक मंच पर साथ आए ओवैसी और रेड्डी; एक-दूसरे की तारीफों के बांधे पुल

शिक्षक दिवस पर PM नरेंद्र मोदी आज SRCC के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल, देश के छात्रों को करेंगे संबोधित

खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण मामले में बड़ा एक्शन, BJP नेता पर FIR, बेंगलुरु में SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज

Weather Alert: 5 सितंबर को MP-राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बरसेंगे बादल