India Tour Of Sri Lanka Test Series: टीम इंडिया करीब 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट मैच खेलने जा रही है और सीरीज की शुरुआत ही गॉल के मैदान से होने वाली है। 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में भारतीय टीम के सामने श्रीलंका के दो ऐसे खिलाड़ी होंगे, जिनका इस मैदान पर रिकॉर्ड शानदार है। दिनेश चंडीमल और प्रभात जयसूर्या की जोड़ी गॉल में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है।
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है। पिछले दो साल में उसे घरेलू मैदान पर दो बड़ी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। ऐसे में श्रीलंका दौरा टीम के लिए इस फॉर्मेट में वापसी का बड़ा मौका है। हालांकि, गॉल की परिस्थितियां और श्रीलंका के इन दो खिलाड़ियों का रिकॉर्ड भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा सकता है।गॉल में
सबसे पहले बात दिनेश चंडीमल की करें तो गॉल में उनका बल्ला जमकर बोलता है। लंबे समय तक श्रीलंका के लिए विकेटकीपिंग करने वाले चंडीमल अब मुख्य रूप से बल्लेबाज के तौर पर खेलते हैं और टीम के लिए तीसरे या चौथे नंबर पर उतरते हैं।
उन्होंने गॉल में 44 पारियों में 1979 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। उनका औसत करीब 55 का है और वह इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं।
भारत के खिलाफ भी चंडीमल का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 8 टेस्ट मैचों में करीब 50 की औसत से 750 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के सामने चंडीमल को रोकना बड़ी चुनौती होगी।
दूसरी तरफ प्रभात जयसूर्या गॉल में भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकते हैं। 30 साल की उम्र में टेस्ट डेब्यू करने वाले इस बाएं हाथ के स्पिनर ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर श्रीलंका की पिचों पर उनका सामना करना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा है।
गॉल में जयसूर्या का रिकॉर्ड तो और भी शानदार है। उन्होंने इस मैदान पर सिर्फ 11 टेस्ट मैचों में 81 विकेट हासिल किए हैं। वो गॉल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। खास बात ये है कि उन्होंने यहां 9 बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। उनके टेस्ट करियर के कुल 125 विकेट में से 81 विकेट अकेले गॉल में आए हैं।
जयसूर्या की सबसे बड़ी चुनौती यह भी होगी कि भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में उनका सामना नहीं किया है। उन्होंने अभी तक भारत के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऐसे में गॉल की अपनी पसंदीदा परिस्थितियों में उनका भारतीय टीम से पहला मुकाबला होगा।
एक तरफ चंडीमल का भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है, तो दूसरी तरफ जयसूर्या की गॉल में जबरदस्त पकड़। ऐसे में 15 अगस्त से शुरू होने वाला टेस्ट सिर्फ भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि भारतीय बल्लेबाजों और गॉल के इन दो 'ग्लैडिएटर' के बीच भी बड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। टीम इंडिया अगर गॉल की चुनौती पार करना चाहती है तो उसे इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ खास रणनीति के साथ उतरना होगा।