Rohit Sharma Reveals Thoughts Of Early Retirement: भारत के दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार को लेकर एक बार फिर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि इस हार के बाद मैं काफी टूट चुका था और संन्यास लेने का विचार भी किया था। क्योंकि मैं मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह से थक चुका था।
रोहित शर्मा के लिए 2023 वनडे वर्ल्ड कप एक ऐतिहासिक यात्रा थी। कप्तान के रूप में उन्होंने टीम को शानदार प्रदर्शन कराया और भारत को फाइनल तक पहुंचाया। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और रोहित ने 11 मैचों में 597 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की नींव रखी थी। इस दौरान उनका औसत 54.27 था और स्ट्राइक रेट करीब 126 का रहा। लेकिन जब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा, तो वह मानसिक रूप से टूट गए थे।
2023 के वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 240 रन बनाए, जो ऑस्ट्रेलिया के लिए आसान लक्ष्य साबित हुआ। ट्रेविस हेड की 137 रन की शानदार पारी के बाद ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य आसानी से छह विकेट से हासिल कर लिया।
एक कार्यक्रम में रोहित शर्मा ने इस हार के बाद की अपनी भावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "यह हार मेरे लिए बहुत व्यक्तिगत थी। मैंने 2022 में कप्तान बनने के बाद से भारत को वर्ल्ड कप जिताने का अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बनाया था। लेकिन जब वह हासिल नहीं हुआ, तो मेरा मनोबल पूरी तरह से टूट गया था।" रोहित ने यह भी कहा कि उस वक्त उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनका शरीर और मन पूरी तरह से खाली हो चुका है।
रोहित ने इस संघर्ष के बाद खुद को फिर से संभालने और खुद को नई दिशा देने के बारे में कहा, "यह एक मुश्किल समय था, क्योंकि मैंने वर्ल्ड कप के लिए अपने शरीर और मन को पूरी तरह से समर्पित कर दिया था। जब ऐसा नतीजा सामने आया, तो मुझे लगा कि अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा। हालांकि, मुझे यह भी एहसास हुआ कि जीवन यहीं खत्म नहीं होता। यह एक बड़ा सबक था कि हमें निराशा से कैसे निपटना है, खुद को कैसे फिर से रीसेट करना है और नई शुरुआत करनी है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे पता था कि अगला बड़ा लक्ष्य 2024 का T20 वर्ल्ड कप है, और मुझे उस पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करना था। उस वक्त यह सब कहने से कहीं ज्यादा मुश्किल था, लेकिन मुझे विश्वास था कि मुझे अपनी यात्रा जारी रखनी है।" रोहित शर्मा के लिए अंततः सब कुछ सही दिशा में गया। 2024 T20 वर्ल्ड कप में उन्होंने भारतीय टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई, और इसके साथ ही उन्होंने इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा भी की।