आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स बुरी तरह प्लॉप साबित हुई है। वहीं, टीम के कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन इससे भी खराब रहा है। इस साल ऋषभ पंत की कप्तानी तो खराब रही है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी इससे भी ज्यादा परेशानी का सबब बनी है। ऐसे में पंत को फैंस सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल कर रहे हैं।
अब जाकर LSG के कप्तान ने इसका जवाब दिया है। उन्होंने इसे फेक न्यूज का एजेंडा करार दिया है। बता दें कि आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत को 27 करोड़ की भारी भरकम बोली के साथ खरीदा गया था। जिसके बाद वो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
ऐसे में लोगों व फ्रेंचाइजी को उम्मीद थी कि ऋषभ पंत मौजूदा सीजन में दमदार प्रदर्शन करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पूरी तरह से फ्लॉप रहे। जिसके बाद एक पत्रकार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगले साल उनको लखनऊ सुपर जायंट्स से रिलीज कर दिया जाएगा, क्योंकि 27 करोड़ की रकम बहुत ज्यादा है। पंत ने इसी पोस्ट पर रिप्लाई कर अपनी बात रखी।
पत्रकार द्वारा साझा की गई इस पोस्ट पर ऋषभ पंत भड़क गए। उन्होंने रिप्लाई करते हुए लिखा कि "मैं मानता हूं कि फेक न्यूज से कंटेंट को ज्यादा पहुंच मिलती है, लेकिन इसको ही सबकुछ न माना जाए। एजेंडा वाली फेक न्यूज के बजाय थोड़ा समझ और सही खबर ज्यादा बेहतर होगी। धन्यवाद, आपका दिन अच्छा रहे। सोशल मीडिया में जो भी पोस्ट करते हैं, उसे थोड़ा जिम्मेदार और समझदार बनें।"
लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन में कुल 12 मैच खेल चुकी है। अब उसे दो मुकाबले और खेलने हैं, लेकिन इससे पहले ही टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। बचे हुए दो मैच टीम के लिए केवल औपचारिकता मात्र है। अगर बात कप्तान ऋषभ पंत की करें, तो उन्होंने इस सीजन की 11 पारियों में केवल 135 रन बनाए हैं। जिसमें एक अर्धशतक भी मौजूद है।
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का औसत 12.27 का रहा है। आईपीएल में ऐसा औसत एक सीजन में किसी कप्तान का दूसरा सबसे घटिया औसत है। इससे पहले साल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान इयोन मार्गन का औसत 11.08 का था। यदि भारतीय कप्तानों की बात की जाए तो इसमें सबसे इसमें पंत का नाम पहले स्थान पर आ गया है।