Cooper Connolly and Priyansh Arya Innings: मुल्लांपुर में खेला जा रहा आईपीएल 2026 का 29वां मुकाबला पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच काफी रोमांचक बन गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम को ओपनिंग जोड़ी प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि दोनों अपने-अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
पारी का 13वां ओवर इस मैच का सबसे अहम और विस्फोटक ओवर साबित हुआ। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से यह ओवर एडन मारक्रम ने डाला, लेकिन उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी। ओवर की पहली तीन गेंदों पर कूपर कोनोली ने लगातार तीन छक्के जड़ दिए, जिससे गेंदबाज दबाव में आ गए। इसके बाद एक वाइड गेंद आई और फिर एक रन बना। ओवर की आखिरी दो गेंदों पर प्रियांश आर्या ने भी अपना जलवा दिखाया। उन्होंने पांचवीं गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर शानदार छक्का लगाया, जबकि अंतिम गेंद पर सीधा शॉट खेलकर एक और छक्का जड़ दिया। इस तरह इस एक ही ओवर में कुल 32 रन बने, जिसने मैच की दिशा पूरी तरह बदल दी।
इस महंगे ओवर के साथ ही एडन मारक्रम के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह अब आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के नाम था, जिन्होंने 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक ओवर में 27 रन दिए थे।
प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली के बीच दूसरे विकेट के लिए 182 रनों की शानदार साझेदारी देखने को मिली। यह साझेदारी न सिर्फ इस मुकाबले की सबसे बड़ी ताकत रही, बल्कि पंजाब किंग्स के आईपीएल इतिहास में भी खास जगह बना गई।
ये भी पढ़ें: पंजाब किंग्स ने खड़ा किया IPL 2026 का सबसे बड़ा टोटल, लखनऊ को जीत के लिए बनाने होंगे 255 रन
आईपीएल के पहले सीजन से हिस्सा रही पंजाब किंग्स के लिए यह उपलब्धि काफी खास है। प्रियांश और कोनोली के बीच हुई 182 रनों की साझेदारी टीम के इतिहास में सिर्फ तीसरी बार है जब किसी जोड़ी ने 150 से ज्यादा रन जोड़े हों। यह आंकड़ा टीम की मजबूत बल्लेबाजी और नए खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को दर्शाता है।