Mitchell Starc To Break Kapil Dev Test Record: ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के पास टेस्ट क्रिकेट में भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका है। स्टार्क को कपिल देव से आगे निकलने के लिए सिर्फ दो विकेट की जरूरत है। अगर वो ऐसा करने में सफल रहते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में कपिल देव एक स्थान नीचे खिसक जाएंगे।
कपिल देव भारतीय क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में ही भारत ने साल 1983 में पहली बार वनडे विश्व कप जीता था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। कपिल ने 131 टेस्ट मैचों की 227 पारियों में 29.64 की औसत से 434 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5,000 से ज्यादा रन भी बनाए, जो उन्हें दुनिया के महान ऑलराउंडरों में शामिल करता है।
कपिल देव ने साल 1994 में न्यूजीलैंड के महान गेंदबाज रिचर्ड हेडली का रिकॉर्ड तोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया था। लगभग छह साल तक ये विश्व रिकॉर्ड उनके नाम रहा। साल 2000 में वेस्टइंडीज के दिग्गज कोर्टनी वॉल्श ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। इसके बाद अब तक 10 गेंदबाज कपिल देव से आगे निकल चुके हैं और अब स्टार्क भी इस सूची में शामिल होने की दहलीज पर हैं।
मिचेल स्टार्क के नाम फिलहाल 105 टेस्ट मैचों की 202 पारियों में 433 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 18 बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है। अब अगर वो दो विकेट और हासिल कर लेते हैं तो कपिल देव को पीछे छोड़ देंगे।
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 13 अगस्त से शुरू होगी। पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त तक डार्विन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मकाय में होगा। इस सीरीज में स्टार्क के पास न सिर्फ कपिल देव को पीछे छोड़ने का मौका होगा, बल्कि सात विकेट हासिल करते ही वो दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डेल स्टेन (439 विकेट) को भी पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही वो टेस्ट इतिहास के टॉप-5 तेज गेंदबाजों में भी अपनी जगह बना लेंगे।