MI vs PBKS 24th Match IPL 2026 Highlight: आईपीएल 2026 में आज यानी 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच इस सीजन का 24वां मुकाबला खेला गया। इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडिंयस ने क्विंटन डिकॉक के शतक की बदौलत पंजाब के सामने 195 रन का स्कोर खड़ा किया। मुबंई के द्वारा दिए गए स्कोर को पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस हिसाब से पंजाब ने MI को 7 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में लगातार चौथी जीत दर्ज की। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए वानखेड़े के मैदान पर ये इस सीजन की लगातार चौथी हार साबित हुई।
मुंबई इंडियंस के द्वारा दिए गए स्कोर का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए बल्लेबाजी विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अहम भूमिका निभाई। इन दोनों के कारण ही पंजाब किंग्स इस मुकाबले में 17वें ओवर में आसानी से अपने नाम कर पाई। यदि बात करें कप्तान अय्यर की तो उन्होंने 35 गेंदों में 66 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंद में 205 के स्ट्राइक रेट के साथ 80 रन की नाबाद व मैच जीताऊ पारी खेली। प्रभसिमरन की इस पारी में कुल 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा शुरुआत में प्रियांश आर्या ने 15, कूपर कोनोली ने 17 और अंत में मार्कस स्टाइनिस ने 10 रन की पारी खेली।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के गेंदबाज 195 के स्कोर का बचाव करने में असफल रहे। मुंबई इंडियंस के लिए दीपक चाहर सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 2.3 ओवुर में 45 रन लुटाए। वहीं, शार्दुल ने 3 में 42 तो कप्तान हार्दिक पांड्या ने इतने ही ओवर में 39 रन खर्च किए। मुंबई के लिए एम. गजनफर ने 2 तो शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी फुर्ती और सूझबूझ से एक बेहतरीन रिले कैच पूरा कर सभी को हैरान कर दिया। बाउंड्री के पास संतुलन बिगड़ने के बावजूद उन्होंने गेंद को साथी खिलाड़ी की ओर उछालकर विकेट हासिल कराया, जो इस मैच का यादगार पल बन गया। यह शानदार कैच उस समय देखने को मिला जब मार्को यानसेन की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने सामने की ओर बड़ा शॉट खेला।
मुंबई इंडियंस के लिए इस मुकाबले में क्विंटन डी कॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 गेंदों पर 186 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 112 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़े, जिससे टीम 190+ के स्कोर तक पहुंच सकी। उनके अलावा युवा बल्लेबाज नमन धीर ने भी अहम योगदान देते हुए 31 गेंदों में 50 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पांड्या 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अंत में तिलक वर्मा ने 3 गेंदों पर 8 रन बनाकर टीम के स्कोर को 195 तक पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने हवा में उड़कर पकड़ा नामुमकिन सा कैच, रोहित और सूर्या रह गए दंग, रिएक्शन वीडियो हुआ वायरल
पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने मैच की शुरुआत में ही मुंबई इंडियंस को बड़े झटके दिए। अपने दूसरे ओवर में अर्शदीप ने रयान रिकल्टन (2) और सूर्यकुमार यादव (0) को आउट कर मुंबई को दबाव में डाल दिया। इसके अलावा मार्को यानसेन और शशांक सिंह ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम को संतुलन में बनाए रखा।