Lionel Messi Fitness Update: अर्जेंटीना के लिए FIFA World Cup 2026 से पहले अच्छी खबर सामने आई है। टीम के कप्तान लियोनेल मेसी अपनी चोट से तेजी से उबर रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि वह अमेरिका में खेले जाने वाले वार्म-अप मुकाबलों में से किसी एक में मैदान पर वापसी कर सकते हैं। मेसी की फिटनेस में लगातार सुधार से अर्जेंटीना खेमे को बड़ी राहत मिली है।
अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी ने शुक्रवार को बताया कि मेसी की बाईं हैमस्ट्रिंग में हुआ दर्द अब काफी बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेसी धीरे-धीरे टीम के साथ ट्रेनिंग में लौट रहे हैं। स्कालोनी के अनुसार, मेसी को होंडुरास के खिलाफ शनिवार को होने वाले मैच या फिर मंगलवार को आइसलैंड के खिलाफ मैच में कुछ मिनट खेलने का मौका मिल सकता है।
कोच ने बताया, “मेसी तेजी से रिकवर हो रहे हैं। उन्होंने टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन के दौरान हिस्सा लिया, जो एक अच्छा संकेत है। वह फ्रेंडली मुकाबलों में खेल सकते हैं, लेकिन हम यह तय करेंगे कि वह किस मैच में उतरेंगे।” 38 साल के मेसी को 24 मई को अपने क्लब इंटर मियामी सीएफ के लिए खेलते समय चोट लगी थी। इसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। हालांकि, इस सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 14 मुकाबलों में 12 गोल और 8 असिस्ट किए।
साल 2022 में कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन बॉल जीती थी। फीफा विश्व कप 2026 में अपने खिताब का बचाव करने उतरने जा रही अर्जेंटीना टीम को अपने स्टार खिलाड़ी से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो मेसी ने अब तक 198 मुकाबलों में 116 गोल किए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। मेसी ने अब तक सबसे ज्यादा 26 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं, जो एक रिकॉर्ड है। मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपना छठा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे, जो एक ऑल-टाइम रिकॉर्ड होगा।
अर्जेंटीना की टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को कैनसस सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 जून को टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रिया से होगी, जबकि 27 जून को टीम का सामना जॉर्डन से होगा। सभी मुकाबले अर्लिंग्टन, टेक्सास में खेले जाएंगे।
IANS इनपुट के साथ