जसप्रीत बुमराह-रोहित शर्मा (सोर्स- सोशल मीडिया)
क्रिकेट

मुंबई इंडियंस के फैसले से खुश नहीं जसप्रीत बुमराह! ठुकराया उपकप्तान बनने का ऑफर; MI छोड़ने का है प्लान?

Rohit Sharma MI Captain 2027: रोहित शर्मा के मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के बाद जसप्रीत बुमराह को उपकप्तानी का ऑफर दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।

अक्षय साहू

Highlights:

  • रोहित शर्मा IPL 2027 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे।

  • रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने जसप्रीत बुमराह को उपकप्तानी का प्रस्ताव दिया था।

  • बुमराह ने फ्रेंचाइजी के इस प्रस्ताव को विनम्रता से ठुकरा दिया।

  • अक्टूबर के पहले सप्ताह में मुंबई इंडियंस के शीर्ष नेतृत्व ने बुमराह से संपर्क किया था।

Jasprit Bumrah Reject MI Vice Captain Offer: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा को दोबारा टीम की कप्तानी सौंपी है। फ्रेंचाइजी में एक बार फिर रोहित के नेतृत्व पर भरोसा दिलाया है। पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वहीं, हार्दिक पंड्या की अगुवाई में खिलाड़ियों के बीच तालमेल और भरोसे को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे थे। ऐसे में अब फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है। 

हालांकि, इस बदलाव के साथ एक और खबर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रोहित शर्मा का उपकप्तान बनने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। बुमराह के इस फैसले के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा पर जताया भरोसा

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने भविष्य के कप्तान के लिए सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के नामों पर विचार किया था, लेकिन अंत में फ्रेंचाइजी ने इन खिलाड़ियों को दरकिनार करते हुए बतौर कप्तान रोहित शर्मा पर भरोसा जताया। 

सूर्यकुमार यादव ने इस साल भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है। इसके बावजूद उन्हें मुंबई की कप्तानी नहीं मिली। वहीं, तिलक वर्मा को आने वाले वर्षों के लिए तैयार किए जा रहे युवा खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

कौन होगा मुंबई इंडियंस का उपकप्तान?

फिलहाल मुंबई इंडियंस ने उपकप्तान के नाम की घोषणा भी नहीं की है। ऐसे में कप्तान की गैरमौजूदगी में टीम का नेतृत्व कौन करेगा, यह सवाल बना हुआ है। पिछले सीजन में हार्दिक पंड्या के उपलब्ध नहीं होने पर सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह ने अलग-अलग मौकों पर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में बुमराह से बातचीत की थी। इस दौरान उन्हें रोहित शर्मा के सहायक कप्तान की भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया गया। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज ने इस जिम्मेदारी को लेने से मना कर दिया। उन्होंने किस कारण से यह फैसला लिया, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

18 करोड़ रुपये में रिटेन हुए थे बुमराह

जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें 18 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में बरकरार रखा था। उस समय हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने भी मुंबई के साथ बने रहने के लिए अपनी सैलरी में कमी स्वीकार की थी।

बुमराह पहले भी मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। आईपीएल 2026 में जब उन्हें कुछ मुकाबलों के लिए टीम का अस्थायी कप्तान बनाया गया था, तब उन्होंने इस जिम्मेदारी पर मजाकिया टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने से पहले वह भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान बन जाएंगे।

क्या 2028 के मेगा ऑक्शन में टीम बदलेंगे बुमराह?

बुमराह दिसंबर की शुरुआत में 32 वर्ष के हो जाएंगे। ऐसे में मुंबई इंडियंस की कप्तानी या नेतृत्व समूह में बड़ी भूमिका निभाने का यह उनके लिए अहम अवसर माना जा रहा था। लेकिन उपकप्तानी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद फ्रेंचाइजी की भविष्य की योजनाओं में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बुमराह आने वाले सीजन में मुंबई इंडियंस के साथ किस तरह आगे बढ़ते हैं। आईपीएल 2028 से पहले अगला मेगा ऑक्शन होना है। ऐसे में अगर फ्रेंचाइजी के साथ उनकी भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती है, तो दूसरी टीमों के विकल्प पर विचार करने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। 

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

वड़ा पाव, मिसल पाव के दीवाने हैं रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस की ड्रेसिंग रूम में भी पहुंचता है स्ट्रीट फूड

Kal Ka Mausam: 28 नवंबर को बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं कोहरे का अलर्ट

Explainer: सिर्फ आरक्षण नहीं, सीटों और खर्च का भी बड़ा हिसाब; महिला आरक्षण कानून पर बहस के बीच असली आंकड़े

परिसीमन बिल पर शरद पवार गुट का बड़ा फैसला, समर्थन करेगा NCP (SP); जितेंद्र आव्हाड ने दी जानकारी