Yashasvi Jaiswal Run Out Video: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल दोहरे शतक से पहले रन आउट हो गए। यशस्वी की नजरें दोहरे शतक पर थी, लेकिन रन आउट के रूप में उन्हें पवेलियन वापस जाना पड़ा। यशस्वी जायसवाल ने 258 गेंदों का सामना करते हुए 175 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 22 चौके लगाए। यशस्वी दोहरे शतक से महज 25 रनों से चूक गए। यह यशस्वी जायसवाल का 7वां शतक रहा।
यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के बीच तालमेल की कमी के कारण जायसवाल को अपना विकेट गंवाना पड़ा। दोनों के बीच एक रन लेने के दौरान कन्फ्यूजन हुआ। यह वाकया भारतीय पारी के 92वें ओवर का है, उस ओवर में तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने दूसरी गेंद फुल-टॉस डाली, जिसे यशस्वी ने तेजी से मिड-ऑफ की ओर खेला। खेलते ही यशस्वी दौड़ पड़े। हालांकि, दूसरे छोर पर शुभमन गिल ने रन के लिए मना किया और खड़े रहे।
शुभमन गिल यह रन लेना नहीं चाहते थे, लेकिन यशस्वी जायसवाल जब तक गिल की ओर देखकर वापस जाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यशस्वी जायसवाल बीच रास्ते में रह गए और 175 रन बनाकर रन आउट हो गए। तेजनारायण चंद्रपॉल का थ्रो कीपर एंड पर आया और विकेटकीपर टेविन इमलाच ने स्टंप्स बिखेर दिए। तालमेल और कन्फ्यूजन के कारण यशस्वी आउट हो गए और भारत ने तीसरा विकेट गंवाया। इस रन का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। आप भी देखें वीडियो...
रन आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल गिल के साथ कुछ बातचीत करते नजर आएं। हालांकि, फिर वो निराश होकर पवेलियन की ओर चल पड़े। यशस्वी के पास दोहरा शतक बनाने का सुनहरा मौका था लेकिन रन आउट के चलते वो ऐसा नहीं कर सके। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गेंदबाजों के लिए कोई खास मदद दिख नहीं रहा है। यहां बैटिंग करना ज्यादा आसान नजर आ रहा है।
यशस्वी जायसवाल ने भारतीय टीम के लिए अब तक 26 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 48 पारियों में 52.60 की औसत से 2420 रन बनाए हैं। 23 साल के यशस्वी ने टेस्ट क्रिकेट में 7 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। यशस्वी ने टेस्ट क्रिकेट में 299 चौके और 43 छक्के जड़े हैं।