भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

IND vs PAK: पाकिस्तानी खिलाड़ी की शर्मनाक हरकत, मोहम्मद सैयाम ने भारतीय बल्लेबाज पर फेंका जानलेवा थ्रो

Mohammad Sayyam Vs Abhigyan Kundu: ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स में IND vs PAK मुकाबले में हाई-वोल्टेज ड्रामा दिखा। मोहम्मद सय्याम मैच के दौरान शर्मनाक हरकत कर दी।

संजय सिंह बिष्ट

IND vs PAK Under-19 World Cup Match: भारत और पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता हमेशा से रोमांच और तनाव से भरी रही है। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स चरण में बुलावायो में खेला जा रहा मुकाबला भी इसका ताजा उदाहरण बन गया है। इस मैच में एक बार फिर मैदान पर आक्रामकता और भावनाओं का उबाल देखने को मिला, जब पाकिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद सय्याम अपना आपा खो बैठे।

मोहम्मद सय्याम की हरकत ने खींचा ध्यान

भारत की पारी के दौरान मोहम्मद सय्याम ने एक छक्का खाने के बाद गुस्से में भारतीय बल्लेबाज विहान मल्होत्रा की ओर जोरदार थ्रो फेंक दिया। यह घटना 12वें ओवर की तीसरी गेंद के बाद हुई। वेदांत त्रिवेदी ने फ्री हिट का फायदा उठाते हुए छोटी गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेजा। अगली ही गेंद पर सय्याम ने अच्छी लेंथ की गेंद स्टंप्स पर डाली, जिसे त्रिवेदी ने शांति से खेलते हुए सीधे वापस कर दिया। कोई रन नहीं लिया गया और बल्लेबाज पूरी तरह सुरक्षित था। इसके बावजूद सय्याम ने गुस्से में गेंद उठाकर बैटिंग एंड के स्टंप्स पर थ्रो मार दिया, जो पूरी तरह गैरजरूरी आक्रामकता मानी जा रही है।

भारत की पारी की खराब शुरुआत

रविवार, 1 फरवरी को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे। आठवें ओवर में मोहम्मद सय्याम ने लगातार दो विकेट चटकाकर भारत को दबाव में डाल दिया। पहले वैभव सूर्यवंशी 30 रन बनाकर आउट हुए और दो गेंद बाद ही कप्तान आयुष म्हात्रे खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। एक ही ओवर में दो विकेट गिरने से भारत का स्कोर 47 पर 2 हो गया। हालात तब और बिगड़ गए, जब अगले ही ओवर में तीसरा विकेट भी गिर गया और टीम 47 पर 3 विकेट खो बैठी।

टॉस पर भी दिखा तनाव

मैच की शुरुआत से पहले भी माहौल गर्म रहा। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने पारंपरिक हैंडशेक नहीं किया। यह सिलसिला पिछले कुछ भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में भी देखा गया है। इसकी शुरुआत एशिया कप 2025 से मानी जाती है, जब भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद महिला विश्व कप 2025, एशिया कप राइजिंग स्टार्स और अंडर-19 एशिया कप में भी ऐसा ही देखने को मिला।

सेमीफाइनल की दौड़ में दोनों टीमें

यह मुकाबला सुपर सिक्स ग्रुप-2 का आखिरी मैच है और दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं, जबकि ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने जगह पक्की कर ली है। अब एकमात्र बची सेमीफाइनल सीट के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं।

भारत तीन मैचों में तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट +3.337 है। पाकिस्तान दो जीत के साथ तीसरे नंबर पर है, नेट रन रेट +1.484 है। भारत अगर यह मैच जीतता है तो सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि पाकिस्तान को जीत के साथ बड़ा अंतर भी चाहिए।

राष्ट्रीय टीम में एंट्री के सिर्फ 37 दिन बाद प्रमोशन; जानिए आशीष अग्रवाल को भाजपा ने क्यों सौंपी बड़ी कमान

NEET पेपर लीक केस: लातूर के शिक्षक मोटेगांवकर को बड़ा झटका, बेटे आदित्य की उम्मीदवारी रद्द, 2 साल का लगा बैन

आयुष्मान भारत योजना: गरीबों के लिए बड़ा सहारा, लेकिन सिस्टम की खामियां अब भी चुनौतीपूर्ण

Election Commission SIR Row LIVE: चुनाव आयोग में मतभेद का खुलासा, CEC ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग

PM मोदी की चिंतन बैठक के बाद बदलेगी कैबिनेट? मंत्रियों की रेटिंग से तय होगा किसकी छुट्टी!