ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (सोर्स- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

IND vs AFG: दूसरे वनडे से बाहर हुए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी, सामने आई बड़ी वजह

IND vs AFG 2nd ODI: लखनऊ में भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा महामुकाबला शुरू! नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण बाहर, आईपीएल स्टार प्रिंस यादव कर रहे हैं डेब्यू। जानिए टीम इंडिया में हुए 3 बड़े बदलाव।

दिव्या सिंह

Nitish Kumar Reddy Injury Update: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीता और भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। हालांकि, मैच शुरू होते ही फैंस को तब बड़ा झटका लगा जब स्टार ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी मैदान पर नहीं उतरे।

बाएं जांघ की चोट बनी विलेन

नीतीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में शामिल न किए जाने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तुरंत स्थिति साफ की। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक आधिकारिक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि नीतीश कुमार रेड्डी के बाएं जांघ में चोट (स्ट्र्रेन) लगी है। इसी वजह से वे दूसरे वनडे मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। बोर्ड ने यह भी बताया कि बीसीसीआई की स्पेशल मेडिकल टीम उनकी चोट पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पहले मैच के हीरो रहे थे नीतीश कुमार रेड्डी

नीतीश कुमार रेड्डी का अचानक चोटिल होना टीम इंडिया के लिए एक बड़ा नुकसान है, क्योंकि सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में उन्होंने गेंद से बेहद कमाल का प्रदर्शन किया था। नीतीश ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया था और टीम के लिए दो बेहद महत्वपूर्ण विकेट चटकाए थे। उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए फैंस को इस मुकाबले में भी उनसे काफी उम्मीदें थीं।

टीम में हुए तीन बड़े बदलाव

नीतीश रेड्डी के बाहर होने के बाद भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। आईपीएल 2026 में अपनी रफ्तार और घातक गेंदबाजी से गदर मचाने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को आखिरकार नीली जर्सी पहनने का मौका मिल गया है, वे अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं। प्रिंस यादव को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, चोटिल नीतीश की जगह धाकड़ बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की टीम में वापसी हुई है, जबकि हर्ष दुबे के स्थान पर अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है।

पहले वनडे में भारत ने दर्ज की थी धमाकेदार जीत

आपको बता दें कि सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने एकतरफा खेल दिखाया था। बारिश से प्रभावित उस मैच में भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने अफगानी टीम को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम महज 194 रनों पर सिमट गई थी। भारत की तरफ से गेंदबाजी में गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए थे।

कप्तान शुभमन गिल ने खेली थी कप्तानी पारी

195 रनों के इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ 24.5 ओवरों में ही 3 विकेट खोकर शानदार जीत हासिल कर ली थी। टीम की इस जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के बरसाते हुए 84 रनों की नाबाद और मैच जिताऊ पारी खेली थी। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और धाकड़ ओपनर ईशान किशन ने भी बल्ले से बेहद अहम और उपयोगी योगदान दिया था। भारतीय टीम इसी लय को लखनऊ में भी बरकरार रखना चाहेगी।

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर पहली बार मूवेबल क्रॉसिंग तकनीक का इस्तेमाल, 2027 में पहले सेक्शन पर शुरू होगी सेवा !

विजय की TVK सामने बड़ी चुनौती, इस्तीफे के बाद फिर चुनावी मैदान में सत्यभामा, धारापुरम सीट पर 5 तरफा मुकाबला

बगैर पर्ची के दवा लेना जोखिम भरा, ड्रग्स कंट्रोलर ने चेतावनी जारी की; हो सकता है किडनी फेल

India CELAC Meeting: ग्लोबल साउथ के विकास में भारत की बड़ी भूमिका, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताई आर्थिक ताकत

Bank Strike: 28 सितंबर से देशभर में 3 दिन की बैंक हड़ताल, पहले निपटा लें ये काम; सरकार ने बुलाई अहम बैठक