LSG vs GT, Arjun Tendulkar-Sara Tendulkar: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया, जहां क्रिकेट के साथ-साथ दर्शकों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।
इस मुकाबले के दौरान अर्जुन तेंदुलकर की पत्नी सानिया चंडोक और बहन सारा तेंदुलकर स्टेडियम में एक साथ मैच देखती नजर आईं। सानिया चंडोक लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी पहनकर अपनी टीम को समर्थन देती दिखीं, जबकि सारा तेंदुलकर के अंदाज ने सभी का ध्यान खींच लिया। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सानिया जहां लखनऊ टीम को समर्थन देती नजर आईं, वहीं सारा तेंदुलकर ने किसी भी टीम की जर्सी नहीं पहनी। वह हल्के हरे रंग की कुर्ती में स्टैंड में बैठी दिखाई दीं। उनके इस अंदाज को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर वह किस टीम का समर्थन कर रही हैं। सारा का यह लुक सोशल मीडिया पर खासा चर्चा में बना हुआ है।
गौरतलब है कि सारा तेंदुलकर के भाई अर्जुन तेंदुलकर लखनऊ सुपर जायंट्स टीम का हिस्सा हैं। वहीं, उनका नाम अक्सर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के साथ जोड़ा जाता रहा है। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा लगातार जारी रहती है।
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 164 रन ही बना सकी। टीम की ओर से एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान ऋषभ पंत ने 18, निकोलस पूरन ने 19, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन की पारियां खेलीं, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें: मुंबई और बेंगलुरु के लिए बुरी खबर! रोहित और कोहली को चोट के कारण मैदान से जाना पड़ा बाहर
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने 40 गेंदों में 56 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं जोस बटलर ने 37 गेंदों में 60 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गुजरात की टीम ने इस जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।