East Zone Enforce Follow On Against North East Zone: दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन टीम ने नॉर्थ ईस्ट जोन पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद नॉर्थ ईस्ट की टीम को सिर्फ 111 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट को फॉलोऑन दे दिया।
दलीप ट्रॉफी 2026 के दोनों क्वार्टर फाइनल मुकाबले बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे हैं। पहला क्वार्टर फाइनल ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच हो रहा है। मैच में ईस्ट जोन की टीम पूरी तरह मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने नॉर्थ ईस्ट की पहली पारी को जल्दी समेट दिया। नॉर्थ ईस्ट की पूरी टीम सिर्फ 111 रन ही बना सकी। इसके बाद ईस्ट जोन ने उन्हें फॉलोऑन देने का फैसला किया। दूसरी पारी में नॉर्थ ईस्ट को सिर्फ एक ओवर खेलने का मौका मिला, जिसमें टीम ने 7 रन बनाए। नॉर्थ ईस्ट की टीम अभी भी ईस्ट जोन से 349 रन पीछे है।
अब ईस्ट जोन को मुकाबला जीतने के लिए नॉर्थ ईस्ट की दूसरी पारी में उसके सभी 10 विकेट लेने होंगे। वहीं, नॉर्थ ईस्ट के सामने मैच बचाने की बड़ी चुनौती है।
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम के लिए सुदीप कुमार और शाहबाज अहमद ने शानदार शतक लगाए। सुदीप कुमार ने 185 गेंदों का सामना करते हुए 146 रन की शानदार पारी खेली।
उनकी पारी में 25 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं शाहबाज अहमद ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 244 गेंदों पर 167 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और 4 छक्के लगाए। इन दोनों के अलावा कुमार कुशाग्र ने 55 रन का योगदान दिया, जबकि अनुकूल रॉय ने 37 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत ईस्ट जोन पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
मुकाबला शुरू होने से पहले फैंस की नजरें ईस्ट जोन के दो बड़े नामों वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन पर थीं। हालांकि, दोनों ही बल्लेबाज इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 6 गेंदों का सामना करके 8 रन बनाकर आउट हो गए।
वहीं कप्तान ईशान किशन भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 9 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इन दोनों के जल्दी आउट होने के बावजूद सुदीप कुमार और शाहबाज अहमद ने पारी को संभाला और टीम को 467 रन तक पहुंचाया।
ईस्ट जोन की ओर से गेंदबाजी में अभिजीत सरकार सबसे सफल रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। शाहबाज अहमद ने भी गेंद से कमाल किया और 3 विकेट हासिल किए।
अब तीसरे दिन ईस्ट जोन के गेंदबाजों की नजर नॉर्थ ईस्ट की दूसरी पारी को जल्द से जल्द समेटने पर होगी। अगर ईस्ट जोन बाकी बचे 10 विकेट हासिल कर लेता है, तो टीम के पास क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतने का शानदार मौका होगा।