David Miller breaks Kieron Pollard Record: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, जिसमें दिल्ली ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। जवाब में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने पारी को संभालते हुए मैच में वापसी की।
मैच का असली रोमांच आखिरी दो ओवरों में देखने को मिला, जब दिल्ली को जीत के लिए 25 रनों की जरूरत थी। ऐसे दबाव भरे समय में डेविड मिलर ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार फिनिशिंग का नमूना पेश किया। उन्होंने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर मैच पूरी तरह दिल्ली की झोली में डाल दिया। मिलर ने सिर्फ 10 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इस पारी के साथ ही डेविड मिलर ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। आईपीएल में सफल रन चेज के दौरान 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में उन्होंने कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया। अब इस सूची में मिलर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस दौरान 26 गेंदों में 9 छक्के लगाए हैं, जबकि पोलार्ड 7 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
आईपीएल इतिहास में इस खास रिकॉर्ड में अब भी एमएस धोनी सबसे आगे हैं। धोनी ने रन चेज के दौरान 20वें ओवर में 14 छक्के लगाए हैं। वहीं मिलर का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है, जिन्होंने 36 पारियों में 98.81 की औसत से 1087 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा का पावरप्ले में कोहराम, महज 15 गेंदों में कूटा अर्धशतक, चकनाचूर किया अपना ही पुराना रिकॉर्ड
इस हार के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का शानदार फॉर्म भी टूट गया। टीम इस मैच से पहले लगातार पांच मुकाबले जीत चुकी थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी इस जीत की लय को रोक दिया। यह सीजन में आरसीबी की दूसरी हार रही, जबकि घरेलू मैदान पर उनका लगातार जीत का सिलसिला भी खत्म हो गया।