CSK vs KKR IPL 2026 Match Number 22 Highlight: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेपॉक में इस सीजन का 22वां मुकाबला खेला गया। इस दौरान अजिंक्य रहाणे की कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 में चौथी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने कोलकाता के सामने 192 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में KKR 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन बना सकी। ऐसे में इस मुकाबले को चेन्नई सुपर किंग्स ने 32 रन से अपने नाम कर लिया।
चेन्नई के द्वारा दिए गए 192 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए नूर अहमद ने कड़ी परेशानी पेश की। नूर ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन खर्च कर केकेआर के 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। इसके अलावा अंशुल कंबोज को 2 विकेट मिले। वहीं, खलील अहमद, और अकील हुसैन को 1-1 विकेट मिला।
खासकर आईपीएल 2026 में 192 रन के स्कोर को ज्यादा बड़ा नहीं माना जा सकता है। ज्यादातर मैचों में 200+ स्कोर खड़ा हो रहा है। ऐसे में उम्मीद थी कि केकेआर इस मुकाबले में 192 रन के स्कोर को पार कर लेगी, लेकिन उसके बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण वो लक्ष्य हासिल न कर सकी। टीम के लिए सबसे ज्यादा 35 रन रमनदीप सिंह ने बनाए। इसके अलावा रोवमन पॉवेल 31, कप्तान अजिंक्य रहाणे 28, अंगकृष रघुवंशी 27 और सुनील नरेन ने 24 रन की छोटी पारी खेली।
सीएसके ने तेज शुरुआत की, लेकिन 25 रन के स्कोर पर ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आयुष म्हात्रे ने जिम्मेदारी संभाली और 38 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन वह भी लंबे समय तक टिक नहीं सके। संजू सैमसन ने एक बार फिर टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया और 32 गेंदों में 48 रन बनाए। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन कार्तिक त्यागी की तेज गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद सरफराज खान और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालने की कोशिश की। ब्रेविस ने 29 गेंदों में 41 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि सरफराज ने 23 रन जोड़े।
ये भी पढ़ें: ‘बहुत ज्यादा शोर…’, स्ट्राइक रेट के सवाल पर फिर भड़के बाबर आजम, प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखा गुस्सा
पारी के आखिरी ओवरों में सीएसके को तेज रन बनाने की जरूरत थी, लेकिन टीम के बल्लेबाज गति नहीं पकड़ सके। शिवम दुबे से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंदों में नाबाद 13 रन ही बना पाए। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से कार्तिक त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और अहम समय पर विकेट निकालकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके अलावा वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन ने भी 1-1 विकेट लेकर सीएसके की रफ्तार पर अंकुश लगाया।