Caribbean Premier League: इस साल कॉलिन मुनरो कैरेबियान प्रीमियर लीग 2025 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं। इस टीम के लिए उनका रोल सलामी बल्लेबाज का है। इस दौरान उन्होंने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के लिए खिलाफ मुकाबला खेला। इस मैच में उनके बल्ले से तूफानी पारी देखने को मिला। जी हां, मुनरो ने अपने बल्ले का जादू दिखाते हुए महज 57 गेंदों पर 120 रन की विस्फोटक पारी खेली।
कॉलिन मुनरो की इस शतकीय पारी में कुल 20 बाउंड्री शामिल रही। इससे पहले उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट के साथ अपना शतक पूरा कर लिया। उन्होंने अपना शतक छक्के के साथ पूरा किया। जिसके बाद उन्होंने अगली दो गेंदों में दो चौके लगाए।
सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने मुकाबले में टॉस जीतकर नाइट राइडर्स को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। कॉलिन मुनरो बतौर सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स के साथ मैदान पर उतरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच 9.1 ओवरों में 114 रन की साझेदारी हुई। एलेक्स हेल्स 27 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मुनरो ने कप्तान निकोलस पूरन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला।
मुनरो और पूरन ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। पूरन 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मुनरो ने किरोन पोलार्ड के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। पोलार्ड 13 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। मुनरो ने 57 गेंदों में छह छक्कों और 14 चौकों की मदद से 120 रन बनाए। उन्हें 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर जेसन होल्डर ने अपना शिकार बनाया। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 231 रन बनाए।
विपक्षी टीम की ओर से कप्तान जेसन होल्डर के अलावा वकार सलामखिल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि डोमिनिक ड्रेक्स ने एक शिकार किया। प्वाइंट्स टेबल को देखें, तो सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ सीजन का अपना पहला मैच छह विकेट से जीता था, जिसके बाद उसे गुयाना अमेजन वॉरियर्स के हाथों पांच विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। फिलहाल यह टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, दूसरी तरफ ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम सीजन का अपना पहला मैच खेल रही है, जिसके बाद उसे एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स से भिड़ना है।
आईएएनएस इनपुट के साथ