Billy Root Retires From Professional Cricket: इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने 34 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। बिली रूट का क्रिकेट करियर इस हफ्ते खत्म हो जाएगा। वो ग्लेमॉर्गन के उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो इस हफ्ते प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं। उनके साथ क्रिस कुक और कॉलिन इनग्राम भी संन्यास ले रहे हैं।
बिली ने अपने आखिरी सीजन में ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप के सिर्फ दो मैच खेले और ग्लेमॉर्गन की सेकंड XI टीम की कप्तानी भी की। सोशल मीडिया पर संन्यास की घोषणा करते हुए बिली ने कहा कि अब उनकी जिंदगी में 'अगले अध्याय' का समय है। उन्होंने कहा कि दो शानदार क्लबों का प्रतिनिधित्व करना और चार ट्रॉफी जीतने वाली टीमों का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात रही।
बिली ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें बचपन से पसंद क्रिकेट को करियर बनाने का मौका मिला, जिसके लिए वो खुद को भाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 14 सालों में उनके करियर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन वह इस सफर में कुछ भी बदलना नहीं चाहेंगे।
बिली रूट ने लीड्स बेकेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद नॉटिंघमशायर के साथ अपना प्रोफेशनल करियर शुरू किया था। वह 2017 में नॉटिंघमशायर की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में दो ट्रॉफियां जीती थीं।
2019 में वो ग्लेमॉर्गन से जुड़े। इस टीम के साथ उन्होंने दो वनडे कप खिताब जीते। पिछले साल ग्लेमॉर्गन को काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन-1 में प्रमोशन दिलाने में भी उन्होंने योगदान दिया। बिली और उनके बड़े भाई जो रूट ने बचपन में शेफील्ड कॉलेजिएट क्रिकेट क्लब में साथ क्रिकेट खेला।
दोनों भाइयों ने 2013 में लॉर्ड्स में एक टेस्ट मैच के दौरान मैदान भी साझा किया था। उस समय बिली MCC यंग क्रिकेटर्स के साथ थे और उन्हें इंग्लैंड टीम का 12वां खिलाड़ी बनाया गया था।
ग्लेमॉर्गन के क्रिकेट निदेशक मार्क वॉलेस ने भी बिली रूट की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले सात सीजन में बिली टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहे। उनकी प्रोफेशनल सोच, लगातार अच्छा प्रदर्शन और अहम मौकों पर प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें टीम का अहम हिस्सा बनाया।
वॉलेस ने कहा कि टीम के खिलाड़ी और स्टाफ बिली का काफी सम्मान करते हैं और ग्लेमॉर्गन की हाल की व्हाइट-बॉल सफलता में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।