Mohammad Kaif Statement on Bhuvneshwar Kumar: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अपनी शानदार गेंदबाजी से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 26 रन देकर 3 अहम विकेट झटके और विरोधी टीम के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह से झकझोर दिया। उनकी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब भी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशान करने की क्षमता रखते हैं। उनके इस प्रदर्शन ने फैंस ही नहीं, बल्कि पूर्व क्रिकेटरों को भी काफी प्रभावित किया है।
भुवनेश्वर कुमार की इस घातक गेंदबाजी को देखकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कैफ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, "यह वो पल होते हैं, जब हर कोई भावुक हो जाता है। भुवनेश्वर कुमार की इतनी शानदार गेंदबाजी देखकर मेरी पुरानी यादें ताजा हो गई, जब वो सिर्फ 17 साल के थे। मैं यूपी का कप्तान था और उनकी गेंदबाजी से प्रभावित हुआ था।" उन्होंने आगे कहा, "सिलेक्टर्स ने कहा कि वो बहुत युवा हैं लेकिन मैंने उन्हें चुनने के लिए कहा। भुवनेश्वर ने अपना रणजी डेब्यू किया और फाइनल में सचिन तेंदुलकर को शून्य पर आउट कर दिया। अभी वो 36 साल के हैं और अपनी स्विंग से बल्लेबाजों की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। टीम इंडिया में उनका कमबैक? क्यों नहीं, भुवनेश्वर कुमार में अभी भी वो बात है।"
भुवनेश्वर कुमार का मौजूदा सीजन अब तक काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं और हर मुकाबले में टीम के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 20.00 का रहा है, जबकि इकोनॉमी रेट 8.33 है। वह पावरप्ले से लेकर डेथ ओवर्स तक टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं और अपनी अनुभवी गेंदबाजी से आरसीबी को मजबूती दे रहे हैं।
भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला था। इसके बाद से वह टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि, IPL 2026 में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने एक बार फिर उनकी वापसी की चर्चाओं को तेज कर दिया है। अगर वह इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो चयनकर्ता भी उन्हें नजरअंदाज नहीं कर पाएंगे और जल्द ही वह दोबारा टीम इंडिया की जर्सी में नजर आ सकते हैं।