ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

AUS W vs IND W: ऑस्ट्रेलिया ने भारत का सूपड़ा किया साफ, 185 रनों से हराकर वनडे सीरीज 3-0 से की अपने नाम

AUS W vs IND W: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने तीसरे वनडे में भारतीय महिला टीम को 185 रनों से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की। एलिसा हीली ने वनडे क्रिकेट से जीत के साथ शानदार विदाई ली।

उज्जवल सिन्हा

Australia Women vs India Women, 3rd ODI: ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को तीसरे वनडे मुकाबले में 185 रनों से रौंदकर बड़ी जीत हासिल कर ली। रविवार को बेलेरीव क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से मिले 410 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 224 रन बनाकर सिमट गई। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने स्टार खिलाड़ी एलिसा हीली को धमाकेदार जीत के साथ वनडे क्रिकेट से विदाई दी।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 409 रन लगाए। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने वनडे क्रिकेट में अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। वनडे क्रिकेट में अपना आखिरी मुकाबला खेलने उतरीं कप्तान एलिसा हीली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 98 गेंदों में 158 रनों की लाजवाब पारी खेली। वहीं, बेथ मूनी ने 84 गेंदों में 106 रन बनाए, जबकि जॉर्जिया वॉल ने 52 गेंदों में 62 रनों का योगदान दिया।

श्री चरणी ने लुटाई 100 से ज्यादा रन

भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजों के आगे पूरी तरह से बेबस नजर आईं। श्री चरणी ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 106 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए, तो स्नेह राणा ने 66 रन देकर 2 विकेट निकाले। दीप्ति और रेणुका सिंह के खाते में एक-एक विकेट आया।

भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब

ऑस्ट्रेलिया से मिले 410 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। स्मृति मंधाना बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। वहीं, प्रतीका रावल 21 गेंदों में 27 रन बनाकर एनाबेल सदरलैंड का शिकार बनीं। पहले दो वनडे मैचों में अर्धशतक लगाने वालीं कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 25 रन बनाकर आउट हुईं।

हरलीन देओल 14 रन बनाकर रनआउट हुईं। 29 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 42 रन बनाने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स को एश्ले गार्डनर ने पवेलियन भेजा। दीप्ति शर्मा 29 रन ही बना सकीं, जबकि ऋचा घोष 18 रन बनाकर अलाना किंग की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुईं। स्नेह राणा ने 74 गेंदों का सामना करते हुए 44 रन बनाए।

भारतीय टीम को मिली बड़ी हार

भारतीय टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसके चलते हरमनप्रीत एंड कंपनी को बड़ी हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में अलाना किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि जॉर्जिया वेयरहम ने 2 विकेट चटकाए। इससे पहले पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं, दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को 5 विकेट से हराया था।

सत्य निकेतन हादसे के बाद कॉकरोचों ने बढ़ाई सरकार की टेंशन, रखीं ये 7 मांगें

धीरेंद्र शास्त्री की नॉनवेज ना खाने की अपील पर भड़के बंगाल BJP चीफ, कहा- नवमी पर खाएंगे बकरे का मांस

Delhi Building Collapse Live: PG मालिक के बाद पत्नी-बेटा भी अरेस्ट, सत्य निकेतन में 27 घंटे बाद रेस्क्यू खत्म

Swarna Bharat Trust: 25वें स्थापना दिवस पर CM योगी का संबोधन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शिक्षा पर दिया जोर

Guwahati Murder: पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, कुत्तों को खिलाने वाला था बॉडी, बदबू आने पर खुला राज