एलिसा हीली (सौजन्यः सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

बांग्लादेश में टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलना चाहतीं एलिसा हीली! बोलीं- यहां टूर्नामेंट कराना गलत

ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने कहा कि बांग्लादेश में महिला टी20 विश्व कप खेलना सही नहीं होगा, क्योंकि इससे देश पर बहुत दबाव पड़ेगा जो अब भी बड़े पैमाने पर हुई हिंसा और विरोध-प्रदर्शनों से उबर रहा है।

मृणाल पाठक

सिडनी: महिला टी20 विश्व कप 2024 तीन से 19 अक्टूबर तक बांग्लादेश में होना है जिसमें गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सहित 10 टीमें भाग लेंगी। लेकिन बांग्लादेश का माहौल फिलहाल काफी खराब है, जिसकी वजह से इस टूर्नामेंट को वहां काफी मुश्किल लग रहा है। ऐसे में अब ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने भी कह दिया है कि बांग्लादेश में महिला टी20 विश्व कप खेलना सही नहीं होगा।

ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने कहा कि बांग्लादेश में महिला टी20 विश्व कप खेलना सही नहीं होगा, क्योंकि इससे देश पर बहुत दबाव पड़ेगा जो अब भी बड़े पैमाने पर हुई हिंसा और विरोध-प्रदर्शनों से उबर रहा है जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए थे। देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा दे दिया था और भारत भाग गई जबकि नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाया गया है।

‘एएपी' के अनुसार एलिसा ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से कहा, ‘‘मुझे इस समय वहां खेलने के बारे में सोचना मुश्किल लग रहा है, एक इंसान के तौर पर मुझे लगता है कि ऐसा करना गलत होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसे देश से संसाधन छीनना होगा जो काफी संघर्ष कर रहा है। उन्हें उन सभी लोगों की जरूरत है जो मर रहे लोगों की मदद के लिए वहां पहुंच सकें।''

एलिसा ने कहा कि अंतिम निर्णय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को लेना है जिसके इस सप्ताह फैसला करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘इस समय बांग्लादेश में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने से कहीं ज्यादा जरूरी चीजें हैं... लेकिन मैं इसे आईसीसी पर छोड़ती हूं कि वह इस पर काम करे।''

ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में बांग्लादेश में सीमित ओवरों की श्रृंखला खेली थी जिसके सभी छह मैच - तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच - ढाका के शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए थे। यह 2014 के टी20 विश्व कप के बाद ऑस्ट्रेलिया का बांग्लादेश का पहला दौरा था और देश में टी20 विश्व कप की उनकी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण था।

हीली को भरोसा है कि भले ही टूर्नामेंट को कहीं और स्थानांतरित कर दिया जाए लेकिन पूरी कवायद बेकार नहीं जाएगी। ऑस्ट्रेलिया ने मार्च-अप्रैल में बांग्लादेश के खिलाफ आयोजित सभी छह मैच जीते थे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Faridabad: नमो मैराथन में उमड़ा 1.35 लाख युवाओं का सैलाब, CM नायब सैनी और शिखर धवन ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का एहसास, उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; अलर्ट पर हिमाचल सरकार

Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में रेड अलर्ट, UP-MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड का खतरा

विश्व पर्यटन दिवस 2026: भारत के टूरिज्म ने दिया 8.46 करोड़ लोगों को रोजगार, GDP में 5.22% योगदान

का हो, सपा जॉइन कर लिहला का? जलभराव पर रवि किशन का तंज, BJP पार्षद बोले- आप बसपा में चले गए का?