ICC Women's ODI World Cup 2025, IND vs AUS: आईसीसी महिला वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के 13वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3 विकेट रहते शिकस्त दी। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस जीत की हीरो कप्तान एलिसा हीली रहीं। उन्होंने 142 रन बनाकर भारत की जीत वाली उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे पहले हीली ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया।
स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। लेकिन कप्तान हीली की दमदार शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इस स्कोर को 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। विश्वकप 2025 में टीम इंडिया की ये लगातार दूसरी हार है। इससे पहले हरमनप्रीत कौर की टीम को साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था।
टीम इंडिया के लिए इस हार का प्रमुख कारण उसकी खराब गेंदबाजी रही। 330 रन जैसे विशाल स्कोर का बचाव न कर पाना टीम इंडिया के गेंदबाजों के लिए आगे भी परेशानी का कारण बन सकता है। यदि आज के मुकाबले की बात करें तो टीम की तरफ से बेहद खराब प्रदर्शन किया गया। श्री चरणी और दीप्ति शर्मा के अलावा टीम के किसी भी गेंदबाज की इकोनॉमी 7 से कम की नहीं रही। अमनजोत कौर ने 9 ओवर में 7.60 की इकोनॉमी के साथ 68 रन लुटाए। वहीं, स्नेह राणा ने 10 ओवर में 8.50 और क्रांति गौड़ ने 8.10 की इकोनॉमी से रन दिए। यदि विकेट की बात करें तो श्री चरणी को 3 विकेट मिले। इसके अलावा अमनजोत कौर और दीप्ति शर्मा को 2-2 विकेट मिले।
भारत के खिलाफ इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय कप्तान एलिसी हीली को जाता है। उन्होंने 107 गेंदों में 142 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.71 का रहा। हीली की इस पारी में 21 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस खास बल्लेबाजी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड भी दिया गया।
वहीं, फीबी लिचफील्ड और एलिस पेरी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। फीबी ने 40 रन की पारी खेली। वहीं, एलिस पेरी 47 रन पर नाबाद रही। वहीं, अंत में एशले गार्डनर ने भी 45 रन का महत्वपूर्ण योगदा दिया। एलिस के साथ किम गर्थ भी 14 रन पर नाबाद पवेलियन लौटी।
मुकाबले में टीम इंडिया ने भी बेहतर बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, लेकिन अंत के बल्लेबाज उसे 350+ पहुंचाने में नाकमयाब रहे। प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी की। इस स्कोर मंधाना पर आउट हो गई। उन्होंने 66 गेंदों का सामना करते हुए 121 की स्ट्राइक रेट के साथ 80 रन बनाए। वहीं, रावल ने 96 गेंदों का सामना करते हुए 75 रन बनाए।
रावल और मंधाना के अलावा टीम के लिए हरलीन देओल ने 38 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 22, जेमिमा रोड्रिग्स ने 33, ऋचा घोष ने 32 और अमनजोत कौर ने 16 रन की छोटी पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए एनाबेल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। वहीं, सोफी मोलिन्यूक्स को 3 विकेट और मेगन शुट्ट को 1 विकेट मिला।