Anshul Kamboj Debut: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने डेब्यू किया है। कंबोज ने इस मैदान पर अनिल कुंबले के बाद डेब्यू किया है। डेब्यू के साथ ही वो भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 318वें खिलाड़ी बन गए हैं।
अंशुल कंबोज को आखिरी दो मैचों के लिए टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। 24 वर्षीय खिलाड़ी कंबोज को आकाश दीप की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। हरियाणा के इस गेंदबाज को अर्शदीप के चोटिल होने के बाद कवर के तौर पर शामिल किया गया था।
हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 318 वें खिलाड़ी बने। अंशुल ने पिछले साल रोहतक में केरल के खिलाफ हरियाणा के लिए रणजी ट्रॉफी मैच में एक पारी में 10 विकेट लेने का भी कारनामा किया था। 10 विकेट लेकर को वो काफी सुर्खियों में आ गए थे। अंशुल ने अब तक 24 फर्स्ट क्लास मुकाबले में 79 विकेट चटकाए हैं।
उन्होंने इंडिया ए के लिए अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 6 से 9 जून 2025 तक नॉर्थम्प्टन में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेला था। यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मुकाबले के दूसरी परी में अंशुल कंबोज ने 51 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं गेंद से उन्होंने दोनों पारियों में दो-दो विकेट चटकाए।
अंशुल के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आईपीएल के मेगा ऑक्शन के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने 3.40 करोड़ की बोली लगाकर अपने टीम में शामिल किया। उन्होंने 11 अप्रैल 2025 को चेन्नई में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सीएसके के लिए पदार्पण किया और एक विकेट लिया। इस सीजन में उन्होंने कुल 8 विकेट चटकाए। सीएसके के अलावा अंशुल ने आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए तीन मैच खेले और दो विकेट लिए।
अंशुल ने 17 फरवरी 2022 को दिल्ली के पालम ए स्टेडियम में त्रिपुरा के खिलाफ हरियाणा के लिए अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया। उस मैच में उन्होंने नौवें नंबर के बल्लेबाज के रूप में 28 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए और 29 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन कोई विकेट नहीं ले पाए।
पिछले तीन सालों में कंबोज ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कुल 24 मैच खेले हैं और कुल 79 बल्लेबाजों को आउट किया है। इसके साथ ही बल्ले से 486 रन भी बनाए हैं। उनका करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 51 रन है, जो उन्होंने पिछले मैच में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ बनाया था। वहीं उनके नाम दो बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है। 2024 के दलीप ट्रॉफी सीरीज में कंबोज ने इंडिया सी के लिए तीन मैच खेले और 16 बल्लेबाजों को आउट किया।