Vaibhav Sooryavanshi in Sri Lanka: आईपीएल 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन चुके हैं। युवा बल्लेबाज की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रीलंका पहुंचते ही उन्हें देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। भारतीय-ए टीम के साथ श्रीलंका पहुंचे वैभव का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लगातार घिरने के कारण थोड़े असहज नजर आ रहे हैं।
भारतीय-ए टीम 9 जून से शुरू होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका पहुंच चुकी है। टीम की अगुवाई तिलक वर्मा कर रहे हैं, जबकि सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को लेकर देखने को मिली। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कई स्थानीय फैंस उनके साथ सेल्फी लेने और करीब आने की कोशिश करते दिखाई दिए।
लगातार बढ़ती भीड़ के बीच वैभव कुछ असहज महसूस करते नजर आए। एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने हाथ जोड़कर फैंस से थोड़ा दूर रहने और उन्हें जगह देने का इशारा किया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कम उम्र में मिली लोकप्रियता ने वैभव को क्रिकेट जगत का नया आकर्षण बना दिया है।
दांबुला में आयोजित होने वाली इस वनडे ट्राई सीरीज में भारत-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला मेजबान श्रीलंका-ए के खिलाफ खेलेगी। चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों की नजरें खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं। आईपीएल में उन्होंने जिस तरह बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निडर बल्लेबाजी की, उससे उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। यही वजह है कि इस टूर्नामेंट को उनके लिए अगले बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें: मौजूदा वक्त में BCCI की सबसे बड़ी परेशानी, Team India में किसकी जगह लेंगे वैभव सूर्यवंशी? टेंशन में ये प्लेयर!
वैभव सूर्यवंशी का नाम अब सीनियर भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों में भी शामिल किया जाने लगा है। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है और माना जा रहा है कि आगामी आयरलैंड तथा इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें टी20 टीम में मौका मिल सकता है। चयन समिति जल्द ही इन दोनों दौरों के लिए भारतीय टीम का ऐलान करेगी। यदि वैभव को मौका मिलता है, तो यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा पड़ाव साबित होगा। फिलहाल सभी की निगाहें श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज पर टिकी हैं, जहां यह युवा बल्लेबाज एक बार फिर अपने खेल से छाप छोड़ने की तैयारी में है।