Ben Duckett: ऐसी खबरें हैं कि इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने अपना सोशल मीडिया साइट एक्स अकाउंट डिलीट कर दिया है। उन्हें भारत के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से पंगा लेना काफी भारी पड़ा है। वह बुमराह पर टिप्पणी करके बुरी तरह फंस गए हैं।
दरअसल, बेन डकेट ने कहा था कि बुमराह का सामना करने के बाद, उन्हें इस बात का अंदाजा हो गया है कि इस साल के अंत में इंग्लैंड में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में क्या होने वाला है। डेली मेल को दिए इंटरव्यू में डकेट ने बुमराह की क्षमताओं को स्वीकार किया और मोहम्मद शमी की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा, "मैंने पहले भी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उनका सामना किया है। मैं उनके कौशल से वाकिफ हूं, इसलिए मुझे आश्चर्य नहीं होगा। यह चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन अगर मैं उनके शुरुआती स्पैल से आगे निकल गया, तो रन बनाना संभव होगा।"
डकेट ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि वह बुमराह के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने उन लोगों को सलाह दी जो उनकी आलोचना कर रहे थे कि वे लेख को ध्यान से पढ़ें। उनके जवाबों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद उन्होंने अपना अकाउंट निष्क्रिय कर दिया।
डकेट ने यह भी माना कि भारत को उसके घरेलू मैदान पर हराना काफी मुश्किल है, लेकिन विदेशी दौरों पर उसकी टीम उतनी मजबूत नहीं है। उन्होंने कहा, "घर पर खेलने वाली भारतीय टीम और विदेशी मैदानों पर खेलने वाली भारतीय टीम में काफी अंतर है। मुझे लगता है कि हमें इस टीम को हराना चाहिए।"
जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल जनवरी में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट को आउट किया था। बुमराह ने 19 विकेट लेकर भारत की 4-1 की जीत में अहम भूमिका निभाई। जिसके बाद अब भारत को इंग्लैंड का दौरा करना है। जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।