एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत की 32-सदस्यीय दमदार एथलेटिक्स टीम की घोषणा कर दी है। इस फाइनल लिस्ट में देश के 22 पुरुष और 10 महिला एथलीट्स को तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए चुना गया है। इस टीम में सबसे बड़ा नाम भारत के गौरव, ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा का है। हालांकि, नीरज चोपड़ा का ग्लासगो जाना अभी पूरी तरह पक्का नहीं है, क्योंकि उनका खेलना एक खास शर्त पर निर्भर करेगा।
इस बार टीम चयन की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और बेहतरीन ट्रिपल जम्पर सेल्वा प्रभु का 'सशर्त' चयन होना है। दरअसल, इन दोनों ही धाकड़ खिलाड़ियों ने फेडरेशन से अनुरोध किया है कि गेम्स की शुरुआत से ठीक पहले वे जो परफॉर्मेंस देंगे, उसे आधार मानकर ही उनके खेलने पर अंतिम फैसला लिया जाए। फेडरेशन भी उनकी इस बात को मान गया है और अब कॉमनवेल्थ गेम्स में उनकी भागीदारी की आखिरी पुष्टि इन दोनों के हालिया प्रदर्शन की समीक्षा करने के बाद ही की जाएगी।
पुरुषों के जंप और थ्रो इवेंट्स में भारत ने अपने सबसे मजबूत खिलाड़ियों को मैदान में उतारा है। टीम में एम. श्रीशंकर, तेजस्विन शंकर, तजिंदरपाल सिंह तूर, प्रवीण चित्रवेल और रोहित यादव जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जिनसे देश को मेडल की पूरी उम्मीद होगी। वहीं, दौड़ (ट्रैक इवेंट्स) की बात करें तो गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर और गुलवीर सिंह जैसे रफ्तार के सौदागर स्प्रिंट और लंबी दूरी की रेस में भारत की तरफ से अपनी चुनौती पेश करते हुए नजर आएंगे।
महिलाओं की बात करें तो एंड्योरेंस यानी लंबी रेस के इवेंट्स में पारुल चौधरी भारतीय टीम का सबसे मुख्य और बड़ा चेहरा होने वाली हैं। इसके अलावा थ्रोइंग इवेंट्स में मनप्रीत कौर, सीमा और निधि रानी भारत की उम्मीदों की कमान संभालेंगी, जबकि रवीना और प्रियंका को 10,000 मीटर रेस वॉक के लिए टीम में शामिल किया गया है। इन सबके साथ ही मेडल पक्का करने के लिए विशाल टी.के., राजेश रमेश, अंसा बाबू, रशदीप कौर और नीरू पाठक को मिलाकर एक मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले पूल टीम भी तैयार की गई है।
दौड़ और बाधा दौड़: गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेष कुजूर (200 मीटर), गुलवीर सिंह (5,000 मीटर और 10,000 मीटर), तेजस अशोक शिर्से (110 मीटर बाधा दौड़), यशस पी (400 मीटर बाधा दौड़), संतोष कुमार तमिलरासन (400 मीटर बाधा दौड़)।
जंप और पोल वॉल्ट: सर्वेश अनिल कुशारे (ऊंची कूद), आदर्श राम जे (ऊंची कूद), देव मीणा (पोल वॉल्ट), कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), एम. श्रीशंकर (लंबी कूद), लोकेश सत्यनाथन (लंबी कूद), प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप), सेल्वा प्रभु (ट्रिपल जंप - प्रदर्शन पर निर्भर)।
थ्रो और डेकाथलॉन: समरदीप सिंह गिल (शॉट पुट), तेजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट), नीरज चोपड़ा (भाला फेंक - प्रदर्शन पर निर्भर), रोहित यादव (भाला फेंक), यश वीर सिंह (भाला फेंक), तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन और ऊंची कूद)।
पारुल चौधरी (3,000 मीटर स्टीपलचेज और 5,000 मीटर), पूजा (ऊंची कूद), मनप्रीत कौर (शॉट पुट), सीमा (डिस्कस थ्रो), निधि रानी (डिस्कस थ्रो), रवीना (10,000 मीटर रेस वॉक), प्रियंका (10,000 मीटर रेस वॉक)।
मिक्स्ड रिले पूल (4x400 मीटर):
विशाल टी.के., राजेश रमेश, अंसा बाबू, रशदीप कौर और नीरू पाठक।