Indian Shuttlers Draw For BWF World Championships 2026: नई दिल्ली में 17 अगस्त से शुरू होने जा रही बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के ड्रॉ का ऐलान हो गया है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए ड्रॉ काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। सबसे बड़ी चुनौती युवा स्टार आयुष शेट्टी के सामने होगी, जिन्हें पहले ही दौर में मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी शी युकी का सामना करना पड़ेगा।
21 वर्षीय आयुष शेट्टी पिछले कुछ समय से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने 2023 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसी साल एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर वो इस टूर्नामेंट के इतिहास में सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने थे। हालांकि फाइनल में उन्हें शी युकी ने 21-8, 21-10 से हराया था। इससे पहले भी मलेशिया ओपन 2026 और इंडोनेशिया मास्टर्स 2025 में वो शी युकी से हार चुके हैं। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले ही मैच में उनके पास इन हारों का हिसाब चुकता करने का मौका होगा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद ने ड्रॉ को कठिन जरूर माना, लेकिन उन्हें आयुष से बड़ी उम्मीदें भी हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही दौर में शी युकी से भिड़ना बाद के मुकाबलों की तुलना में बेहतर हो सकता है। गोपीचंद ने याद दिलाया कि लक्ष्य सेन ने भी ऑल इंग्लैंड ओपन में पहले दौर में शी युकी को हराया था। उनके मुताबिक आयुष की दमदार स्मैश उन्हें खतरनाक खिलाड़ी बनाती है और वह बड़ा उलटफेर कर सकते हैं।
पुरुष एकल में लक्ष्य सेन का पहला मुकाबला ऑस्ट्रिया के कोलिंस वेलेंटाइन फिलिमोन से होगा। अगर लक्ष्य शुरुआती दो मुकाबले जीतते हैं तो तीसरे दौर में उनका सामना 2023 के विश्व चैंपियन कुनलावुत वितिदसार्न से हो सकता है। गोपीचंद ने कहा कि लक्ष्य का क्वार्टर काफी मुश्किल है, क्योंकि इसमें क्रिस्टो पोपोव और एलेक्स लानियर जैसे खिलाड़ी भी मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि लक्ष्य में बड़े मुकाबले जीतने की पूरी क्षमता है और इस बार शानदार बैडमिंटन देखने को मिलेगा।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और 2019 की विश्व चैंपियन पीवी सिंधु को पहले दौर में आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ उतारा गया है। सिंधु इस बार नौवीं वरीयता के साथ उतरेंगी। अगर वो आगे बढ़ती हैं तो प्री-क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त चीन की वांग झी यी, क्वार्टर फाइनल में छठी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वर्दानी और सेमीफाइनल में टॉप सीड एन से यंग से भिड़ सकती हैं। हालांकि सिंधु और उनकी टीम फिलहाल एक-एक मैच पर ध्यान देने की रणनीति अपना रही है।
पुरुष युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाय मिला है। वहीं मिश्रित युगल में 15वीं वरीयता प्राप्त ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो भी सीधे दूसरे दौर से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
महिला युगल में भारत की दो जोड़ियां हिस्सा लेंगी। इनमें ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी। दोनों बिना वरीयता के टूर्नामेंट में उतरेंगी, लेकिन हालिया प्रदर्शन के दम पर उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद की जा रही है।
ध्यान देने वाली बात ये है कि 17 साल बाद भारत में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। इससे पहले 2009 में हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी भारत ने की थी। अब नई दिल्ली में होने वाली इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास रचने की कोशिश करेंगे।